लाखों रुपये के जुए के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
नरेंद्र मिश्रा , बलरामपुर/रघुनाथनगर,
जिले के बलंगी क्षेत्र में जंगल के भीतर लाखों रुपये के जुए के फड़ पर की गई पुलिस कार्रवाई के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 18 मई 2026 को विश्वस्त सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई थी कि अन्य राज्यों के जुआरियों सहित रघुनाथनगर क्षेत्र के कुछ लोग बलंगी क्षेत्र के ग्राम कर्री के जंगल में ताश पत्तों के माध्यम से लाखों रुपये की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर बलरामपुर मुख्यालय पुलिस एवं चौकी बलंगी पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी आशीष पांडे निवासी कसारी एवं गुलाबचंद जायसवाल निवासी रमेशपुर, थाना रघुनाथनगर को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया था। वहीं, योगेंद्र जायसवाल सहित अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
मामले की विवेचना और फरार आरोपियों की लगातार तलाश के दौरान पुलिस को सफलता मिली। पुलिस ने फरार आरोपी योगेंद्र जायसवाल पिता रामगुलाम जायसवाल, निवासी रघुनाथनगर को 25 जून 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112(2) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय वाड्रफनगर में पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद आरोपी को रामानुजगंज जेल भेज दिया गया।
पुलिस द्वारा मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश भी लगातार जारी है।

