विदिशा। नशे के खिलाफ जंग में पुलिस अब कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता का भी सहारा ले रही है। मध्य प्रदेश के विदिशा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे ने “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत अनोखे अंदाज में लोगों तक संदेश पहुंचाया है।
एएसपी ने मंच से भाषण देने के बजाय खुद एक नाट्य रूपांतरण वीडियो में अभिनय कर नशे के दुष्परिणामों को दिखाया। वीडियो में बताया गया है कि नशे की आदत किस तरह धीरे-धीरे व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, आर्थिक स्थिति और भविष्य को नुकसान पहुंचाती है।
पुलिस का कहना है कि केवल कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी से नशे की समस्या का समाधान संभव नहीं है। इसके लिए समाज में जागरूकता और लोगों की भागीदारी जरूरी है। इसी उद्देश्य से एएसपी डॉ. चौबे ने खुद कैमरे के सामने आकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
विदिशा पुलिस की इस पहल को सोशल मीडिया पर लोगों का समर्थन मिल रहा है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और नशामुक्त समाज बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।

