छत्तीसगढ़ : बिलासपुर में एंटी करप्शन ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई, 25 हजार रुपये रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार
जमीन के नक्शा बटांकन के नाम पर मांगी थी 40 हजार रुपये की घूस, एसीबी ने रंगे हाथों दबोचा
बिलासपुर,
जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की कार्रवाई लगातार जारी है। बुधवार को एसीबी की टीम ने रतनपुर तहसील में पदस्थ एक पटवारी को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई जिले में एक ही दिन में एसीबी द्वारा की गई दूसरी बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार लालपुर निवासी किसान अशोक अग्रवाल ने एंटी करप्शन ब्यूरो से शिकायत की थी कि उनकी जमीन के नक्शा बटांकन संबंधी कार्य के लिए क्षेत्र के पटवारी भानु चंद्रा द्वारा 40 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया।
योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की राशि लेकर पटवारी के पास भेजा गया। जैसे ही पटवारी ने 25 हजार रुपये की रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम ने मौके पर आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी पटवारी को हिरासत में ले लिया। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले बुधवार को ही एंटी करप्शन ब्यूरो ने मस्तूरी क्षेत्र में बिजली विभाग के एक बाबू को भी रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। एक ही दिन में दो अधिकारियों के खिलाफ हुई कार्रवाई से सरकारी विभागों में हड़कंप की स्थिति है।
एसीबी अधिकारियों ने कहा है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और रिश्वतखोरी में लिप्त किसी भी अधिकारी-कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।

