उत्तर प्रदेश : चंदौली में तीन मौतों से सनसनी, मां-मासूम की रहस्यमयी मौत और युवती की आत्महत्या ने बढ़ाए सवाल
मनमोहन सिंह, चंदौली
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में महज एक से दो घंटे के अंतराल पर हुई फांसी की दो अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत ने पूरे जिले को झकझोर दिया। एक ओर मां और ढाई वर्षीय बेटे के शव एक ही फंदे पर मिले वहीं दूसरी ओर 19 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर फांसी लगाकर जान दे दी। दोनों घटनाएं अलग-अलग हैं लेकिन बेहद कम समय के अंतराल में हुई इन मौतों ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के हनुमानपुर अहिरान बस्ती में प्रिया और उसके ढाई वर्षीय बेटे युवराज के शव कमरे में एक ही फंदे से लटके मिले। परिजन दोनों को अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जांच आत्महत्या की ओर इशारा कर रही है लेकिन एक ही फंदे पर मां और मासूम बेटे का मिलना जांच का सबसे बड़ा सवाल बना हुआ है। पुलिस पारिवारिक विवाद सहित हर संभावित एंगल पर जांच कर रही है।
इसी मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर में पहली घटना के करीब एक से दो घंटे बाद 19 वर्षीय खुशी सिंह ने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले वह बिना बताए दोस्तों के साथ दार्जिलिंग चली गई थी। लौटने पर परिजनों ने उसे समझाया था जिसके बाद उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
दोनों मामलों में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मां-बेटे की मौत की गुत्थी पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही सुलझ सकेगी जबकि युवती की आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों की भी गहन पड़ताल की जा रही है।
महज एक से दो घंटे के भीतर एक ही कोतवाली क्षेत्र में हुई तीन मौतों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी है।

