टेक डेस्क। भारतीय स्मार्टफोन बाजार में मिड-प्रीमियम सेगमेंट की प्रतिस्पर्धा को और तेज करते हुए ओप्पो ने अपनी नई Oppo Reno 16 Series की भारत में लॉन्चिंग तारीख का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। कंपनी ने पुष्टि की है कि यह नई स्मार्टफोन सीरीज 2 जुलाई 2026 को दोपहर 12 बजे लॉन्च की जाएगी। शुरुआती चरण में Oppo Reno 16 और Oppo Reno 16c स्मार्टफोन पेश किए जाएंगे। दोनों डिवाइस अमेजन, फ्लिपकार्ट और ओप्पो के आधिकारिक ऑनलाइन व ऑफलाइन स्टोर्स पर बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे।
50MP ट्रिपल कैमरा होगा सबसे बड़ा आकर्षण
Oppo Reno 16 का सबसे बड़ा आकर्षण इसका ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप है। फोन में 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा, 50 मेगापिक्सल का टेलीफोटो पोर्ट्रेट लेंस (3.5x ऑप्टिकल जूम और 85mm फोकल लेंथ) तथा 50 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड कैमरा मिलेगा। वहीं Oppo Reno 16c में 50MP प्राइमरी और 50MP अल्ट्रावाइड कैमरे के साथ डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया जाएगा, लेकिन इसमें टेलीफोटो लेंस नहीं होगा। दोनों स्मार्टफोन्स में बेहतर लो-लाइट फोटोग्राफी के लिए Dual Flash System भी मिलेगा।
कंटेंट क्रिएटर्स के लिए खास AI फीचर्स
दोनों स्मार्टफोन्स में 50 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड फ्रंट कैमरा दिया जाएगा, जो 100 डिग्री फील्ड ऑफ व्यू सपोर्ट करेगा। यूजर्स तीनों कैमरों से 4K 60fps HDR वीडियो रिकॉर्डिंग कर सकेंगे। इसके अलावा AI Remix Collage, Pop Cam और Dual-View Video 2.0 जैसे AI आधारित फीचर्स भी शामिल किए गए हैं, जो कंटेंट क्रिएटर्स और व्लॉगर्स के लिए उपयोगी साबित होंगे।
पहली बार आएगी ‘Oppo Bubble’ एक्सेसरी
कंपनी इस सीरीज के साथ पहली बार ‘Oppo Bubble’ नाम की नई एक्सेसरी भी लॉन्च करेगी। यह 1.73 इंच की AMOLED डिस्प्ले वाला मैग्नेटिक डिवाइस होगा, जिसे फोन के बैक पैनल पर लगाया जा सकेगा। यह रियर कैमरे से सेल्फी लेने के लिए व्यूफाइंडर और रिमोट कंट्रोल की तरह काम करेगा।
प्रीमियम डिजाइन और तीन रंगों में उपलब्ध
Oppo Reno 16 Series को 3D Pop Planet Design के साथ पेश किया जाएगा, जो फोन को आकर्षक प्रीमियम लुक देगा। यह सीरीज Starry White, Stellar Purple और Twilight Violet जैसे तीन रंगों में उपलब्ध होगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक Reno 16 में 6.32 इंच का 120Hz AMOLED डिस्प्ले मिलेगा, जबकि Reno 16c में इससे थोड़ा बड़ा AMOLED डिस्प्ले दिए जाने की संभावना है।

