नई दिल्ली। WhatsApp अपने यूजर्स के लिए लगातार नए फीचर्स पर काम कर रहा है। अब कंपनी एक ऐसा फीचर लाने की तैयारी में है, जिससे बिना चैट खोले ही यह पता चल सकेगा कि कौन सा कॉन्टैक्ट ऑनलाइन है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Meta के स्वामित्व वाला यह मैसेजिंग प्लेटफॉर्म एक नए “ग्रीन डॉट” फीचर की टेस्टिंग कर रहा है। इस फीचर के जरिए किसी कॉन्टैक्ट के ऑनलाइन होने पर उसकी प्रोफाइल फोटो पर ग्रीन डॉट दिखाई देगा, जिससे यूजर्स को रियल टाइम में एक्टिव स्टेटस का पता चल सकेगा।
कैसे काम करेगा नया ग्रीन डॉट फीचर
फीचर ट्रैकर WABetaInfo के अनुसार, यह फीचर फिलहाल एंड्रॉयड के बीटा वर्जन 2.26.24.5 में देखा गया है। जब कोई यूजर ऑनलाइन होगा, तो उसकी प्रोफाइल फोटो पर ग्रीन डॉट दिखाई देगा। खास बात यह है कि इस फीचर को प्राइवेसी सेटिंग्स के जरिए छिपाया भी जा सकेगा।
यह फीचर काफी हद तक Facebook, Instagram और Slack जैसे प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले ऑनलाइन इंडिकेटर जैसा होगा।
बैकअप मैनेजमेंट के लिए भी नया फीचर
इसके अलावा, WhatsApp एक और नए फीचर पर काम कर रहा है, जो यूजर्स को चैट बैकअप को बेहतर तरीके से मैनेज करने में मदद करेगा। इस फीचर के तहत यूजर्स पुराने बैकअप को देख सकेंगे, डिलीट कर सकेंगे और जरूरत पड़ने पर डुप्लिकेट भी बना सकेंगे।
बताया जा रहा है कि यह फीचर अभी डेवलपमेंट स्टेज में है और जल्द ही बीटा टेस्टिंग के लिए उपलब्ध कराया जा सकता है।
Google भी कर रहा सहयोग
रिपोर्ट के अनुसार, Google भी इस प्रोजेक्ट में सहयोग कर रहा है। Google Play Services के लेटेस्ट अपडेट के बाद एंड्रॉयड यूजर्स अपने डिवाइस की सेटिंग्स से ही WhatsApp बैकअप को मैनेज कर सकेंगे। इससे स्टोरेज कंट्रोल करना और भी आसान हो जाएगा।
जल्द मिल सकते हैं ये फीचर्स
दोनों ही फीचर्स फिलहाल टेस्टिंग फेज में हैं, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में इन्हें सभी यूजर्स के लिए रोलआउट कर दिया जाएगा।

