पुलिस विभाग में बड़ी सर्जरी: सूरजपुर जिले में 33 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों का तबादला, कई थानों के प्रभारी बदले, नई जिम्मेदारियों के साथ जारी हुए आदेश..
चंद्रिका कुशवाहा,सूरजपुर
सूरजपुर पुलिस विभाग में गुरुवार को बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर 3 निरीक्षक, 7 उपनिरीक्षक, 5 सहायक उपनिरीक्षक, 6 प्रधान आरक्षक और 12 आरक्षकों सहित कुल 33 अधिकारियों एवं कर्मचारियों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण कर नई पदस्थापना की गई है। इस व्यापक फेरबदल को जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक अलरिक लकड़ा को थाना प्रभारी सूरजपुर, फर्दीनंद कुजूर को थाना प्रभारी अजाक तथा रूपेश कुंतल एक्का को थाना प्रभारी विश्रामपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं उपनिरीक्षक प्रदीप सिदार को प्रेमनगर, अमित गुप्ता को जयनगर, मनोज कुमार सिंह को चौकी प्रभारी खड़गवां, सरफराज अहमद को थाना प्रभारी झिलमिली तथा विराट विशी को थाना प्रभारी रामानुजनगर बनाया गया है।

इसके अलावा सहायक उपनिरीक्षक संजय यादव को कुदरगढ़ चौकी, आलोक सोनी को झिलमिली, कृष्ण कुमार सिंह को रामानुजनगर, मनोज पोर्ते को सूरजपुर, माधव सिंह को प्रतापपुर तथा जगनारायण साहू को विश्रामपुर में नई जिम्मेदारी दी गई है।

दूसरे आदेश में 6 प्रधान आरक्षक एवं 12 आरक्षकों का भी स्थानांतरण किया गया है। इन्हें यातायात शाखा, प्रतापपुर, ओड़गी, चांदनी, रामानुजनगर, बसदेई, झिलमिली, खड़गवां और सूरजपुर सहित विभिन्न थानों एवं चौकियों में पदस्थ किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्थानांतरित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर नई पदस्थापना स्थल पर रवाना किया जाए तथा उनकी आमद-रवानगी की सूचना पुलिस अधीक्षक कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।
जिले में एक साथ हुए इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद माना जा रहा है कि पुलिस व्यवस्था को अधिक सक्रिय, प्रभावी और जवाबदेह बनाने के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

