जनता और पुलिस के बीच अब नहीं रहेगी दूरी!,बीट प्रणाली को लेकर जारी हुए सख्त निर्देश,शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई, सम्मानजनक व्यवहार पर जोर
चंद्रिका कुशवाहा/सूरजपुर
जिले में पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से बीट प्रणाली को और अधिक मजबूत एवं जवाबदेह बनाने के लिए जिला पंचायत सभाकक्ष में कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारियों, पुलिस अधिकारियों और बीट प्रभारियों ने भाग लिया। जिले के 22 थाना-चौकी क्षेत्रों के 558 गांवों के लिए बनाई गई 70 बीटों को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने कहा कि बीट प्रणाली पुलिस व्यवस्था की सबसे मजबूत कड़ी है। बीट प्रभारी नियमित रूप से अपने क्षेत्र का भ्रमण करें, लोगों से संवाद स्थापित करें तथा संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखें। किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कर जनता का विश्वास जीतना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक गांव और वार्ड में बीट प्रभारी का नाम और मोबाइल नंबर प्रदर्शित करने वाले पोस्टर लगाए जाएं, ताकि आम नागरिक सीधे पुलिस से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। साथ ही सभी पुलिस अधिकारियों को जनता की शिकायतों को नम्रतापूर्वक सुनने तथा उनके साथ गरिमापूर्ण और पेशेवर व्यवहार करने के निर्देश दिए गए।
कार्यशाला में बीट प्रभारियों की जिम्मेदारियां भी स्पष्ट की गईं। उन्हें हिस्ट्रीशीटरों, वारंटियों और संदिग्ध व्यक्तियों की अद्यतन जानकारी रखने, बीट भ्रमण की दैनिक रिपोर्ट थाना प्रभारी को सौंपने तथा बीट बुक का नियमित संधारण करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक माह संबंधित एसडीओपी द्वारा बीट बुक की समीक्षा भी की जाएगी।
महिला एवं बालिका सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देते हुए स्कूल, कॉलेज, सार्वजनिक स्थानों, ग्राम पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों और हाट-बाजारों में विशेष निगरानी रखने तथा महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा संबंधी जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए। कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सीएसपी, सभी एसडीओपी, डीएसपी, थाना-चौकी प्रभारी और बीट प्रभारी उपस्थित रहे।

