Devendra Fadnavis hits back at Uddhav Thackeray : मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। मुंबई से नागपुर की फ्लाइट में साथ सफर करने के बाद उद्धव ठाकरे द्वारा किए गए “पंख काटे जाने” और “बेबस दिखने” वाले बयान पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तीखा जवाब देते हुए कहा कि उनके कोई पंख ही नहीं हैं, जिन्हें कोई काट सके।
फडणवीस ने कहा कि फ्लाइट के दौरान वह अपने मोबाइल पर पहले से डाउनलोड की हुई फिल्म या वेब सीरीज देख रहे थे। ऐसे में उद्धव ठाकरे को उनके चेहरे पर बेबसी कैसे नजर आई, यह वही बेहतर बता सकते हैं।
CG NEWS : छत्तीसगढ़ में आग का तांडव’ टायर शॉप धू-धू कर जली, देखते ही देखते सब कुछ हुआ खाक
’14 करोड़ महाराष्ट्रवासियों का आशीर्वाद मेरे साथ’
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह एक सामान्य इंसान हैं और उनके कोई पंख नहीं हैं जिन्हें कोई काट सके। उन्होंने कहा कि उनके साथ महाराष्ट्र के 14 करोड़ लोगों और वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद है, इसलिए किसी को भी उनकी चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
फ्लाइट में नहीं हुई कोई खास बातचीत
फडणवीस ने स्पष्ट किया कि मुंबई-नागपुर की उड़ान के दौरान उनकी और उद्धव ठाकरे की कोई विशेष बातचीत नहीं हुई। उन्होंने बताया कि दोनों विमान के अलग-अलग हिस्सों में बैठे थे। यदि वे साथ बैठे होते तो सामान्य बातचीत जरूर होती।
2019 के राजनीतिक घटनाक्रम का किया जिक्र
सीएम फडणवीस ने वर्ष 2019 के राजनीतिक घटनाक्रम का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यदि उस समय उन्हें समर्थन मिला होता तो महाराष्ट्र की राजनीतिक तस्वीर कुछ और होती। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि उस समय उन्हें शुभकामनाएं नहीं मिली थीं, लेकिन अब वह उद्धव ठाकरे की शुभकामनाएं स्वीकार करते हैं।
क्या बोले थे उद्धव ठाकरे?
दरअसल, फ्लाइट यात्रा के बाद उद्धव ठाकरे ने दावा किया था कि प्रधानमंत्री पद की दौड़ में शामिल होने की वजह से भाजपा नेतृत्व देवेंद्र फडणवीस के “पंख काट रहा है”, जिसके कारण वह विमान में बेबस नजर आ रहे थे। ठाकरे ने शिवसेना में हुए विभाजन को “ऑपरेशन देवेंद्र” बताते हुए आरोप लगाया था कि यह पूरी रणनीति भाजपा नेतृत्व द्वारा तैयार की गई थी।
दोनों नेताओं के बीच इस बयानबाजी ने एक बार फिर महाराष्ट्र की सियासत को गर्मा दिया है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर और तेज होने की संभावना है।

