शंकरगढ़ में पिकअप वाहनों पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई,
सवारी से भरे 3 वाहन जब्त..
बलरामपुर,
जिले में पिछले दिनों पिकअप वाहनों से जुड़ी दुर्घटनाओं को देखते हुए परिवहन विभाग ने मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से सवारी परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। इसी क्रम में जिला परिवहन अधिकारी बलरामपुर के निर्देश पर परिवहन उपनिरीक्षक ए.टी. द्विवेदी के नेतृत्व में संभागीय परिवहन उड़नदस्ता अम्बिकापुर की टीम ने शंकरगढ़ क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए सवारियों से ठसाठस भरे तीन पिकअप वाहनों को जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार, परिवहन विभाग की टीम द्वारा शंकरगढ़ क्षेत्र में वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान तीन पिकअप वाहन ऐसे मिले, जिनमें क्षमता से अधिक संख्या में सवारियों को बैठाकर परिवहन किया जा रहा था। वाहनों में यात्रियों को बेहद जोखिमपूर्ण तरीके से ले जाया जा रहा था, जो यातायात एवं परिवहन नियमों के विपरीत है। कार्रवाई के दौरान उड़नदस्ता टीम ने सभी सवारियों को वाहनों से सुरक्षित रूप से नीचे उतारा और तीनों पिकअप वाहनों को नियमानुसार जब्त कर लिया।

जांच के दौरान जब्त किए गए तीन पिकअप वाहनों में से दो वाहन झारखंड राज्य में पंजीकृत, जबकि एक वाहन छत्तीसगढ़ में पंजीकृत पाया गया। वाहनों के दस्तावेजों की जांच करने पर फिटनेस और बीमा की वैधता समाप्त मिली। दस्तावेजों में अनियमितता और मालवाहक वाहनों में नियम विरुद्ध तरीके से सवारी परिवहन किए जाने के मामले में परिवहन विभाग ने कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को जब्त कर पुलिस थाना शंकरगढ़ में सुरक्षार्थ खड़ा कराया है।
परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से पिकअप जैसे मालवाहक वाहनों का उपयोग कर यात्रियों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने वाले वाहन चालकों और मालिकों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मालवाहक वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर परिवहन करना न केवल परिवहन नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। ऐसे वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की स्थिति में जान-माल के नुकसान की आशंका काफी बढ़ जाती है।
जिला परिवहन अधिकारी यशवंत यादव ने बताया कि जिले में पिकअप एवं अन्य मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से यात्री परिवहन करने के मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे वाहनों की लगातार जांच की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों एवं मालिकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने वाहन मालिकों और चालकों से अपील की है कि मालवाहक वाहनों में यात्रियों का परिवहन न करें तथा वाहन के फिटनेस, बीमा सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों को वैध एवं अद्यतन रखें। परिवहन विभाग ने संकेत दिया है कि भविष्य में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे वाहनों के खिलाफ जांच और कार्रवाई का अभियान जारी रहेगा।

