डबल इंजन सरकार का इंजन फेल, अब धुआं छोड़ रही व्यवस्था : अमरजीत भगत
बिजली दर वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, बिजली कार्यालय का घेराव कर फूंका मुख्यमंत्री का पुतला
“हमारा पानी, हमारे संसाधन और हमें ही महंगी बिजली”—भाजपा सरकार पर साधा निशाना
चंद्रिका कुशवाहा,सूरजपुर
प्रदेश में बिजली दरों में की गई वृद्धि को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत सूरजपुर जिला मुख्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया तथा मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
सूरजपुर विश्राम गृह में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जिले के प्रभारी एवं पूर्व मंत्री अमरजीत भगत तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। अमरजीत भगत ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है और अब उसके इंजन से धुआं निकलने लगा है। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, खनिज संपदा और जल स्रोतों से समृद्ध प्रदेश है, इसके बावजूद यहां की जनता को महंगी बिजली खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के ढाई वर्षों के कार्यकाल में लगातार महंगाई बढ़ी है। बिजली, पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम जनता की कमर टूट गई है। सरकार ने स्मार्ट मीटर लगाने का फरमान तो जारी कर दिया, लेकिन उपभोक्ताओं को सुविधा के नाम पर कुछ भी नहीं दिया गया।
जनता और किसानों पर बढ़ाया जा रहा आर्थिक बोझ,
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लगातार आम जनता और किसानों पर आर्थिक बोझ डाल रही है। बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी का सीधा असर गरीब, मध्यमवर्गीय परिवारों, छोटे व्यापारियों और किसानों पर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तक वृद्धि की गई है, जबकि गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तक और कृषि विद्युत दरों में भी बढ़ोतरी कर किसानों पर अतिरिक्त भार डाला गया है। कांग्रेस का आरोप है कि यह फैसला जनविरोधी है और इससे लोगों की परेशानियां और बढ़ेंगी।
बिजली कार्यालय का घेराव, मुख्यमंत्री का पुतला दहन,
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर कांग्रेस द्वारा प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सूरजपुर जिला मुख्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश की जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है। ऐसे समय में बिजली दरों में बढ़ोतरी करना जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस ले और आम उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करे।
“जनता त्रस्त, सरकार मस्त”,
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था, महंगाई, बेरोजगारी और जनसुविधाओं की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। आम जनता परेशान है, लेकिन सरकार को लोगों की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल अपने राजनीतिक आकाओं को खुश करने में लगी हुई है और जनहित के मुद्दों की अनदेखी कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के जंगलों और प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंचाने वाली नीतियों पर सरकार आगे बढ़ रही है, जिससे भविष्य में पर्यावरणीय संकट और गहरा सकता है।
सड़क से सदन तक लड़ेगी कांग्रेस,
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी बिजली दरों में वृद्धि के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आम जनता, किसानों और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी और तब तक आंदोलन जारी रहेगा जब तक सरकार बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी को वापस नहीं ले लेती।
पत्रकार वार्ता एवं आंदोलन के दौरान संजय डोसी, सुनील अग्रवाल, जीएस मिश्रा, प्रदीप साहू, विनय मिश्रा, वेदप्रकाश मिश्रा, चंद्रदत्त दुबे, शक्ति ठाकुर, परमेश्वर राजवाड़े, रोहन राजवाड़े, समीर सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

