सरगुजा : अम्बिकापुर-बिश्रामपुर मार्ग पर अवैध जीप टैक्सियों के खिलाफ परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5 वाहन जब्त
अंबिकापुर,
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) के निर्देश पर परिवहन उड़नदस्ता की टीम ने अम्बिकापुर-बिश्रामपुर मार्ग पर अवैध रूप से संचालित जीप टैक्सी वाहनों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान बिना वैध परमिट, फिटनेस और बीमा के सवारियों का परिवहन कर रहे 5 वाहनों को जब्त किया गया।
जानकारी के अनुसार परिवहन विभाग को लंबे समय से शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि कुछ निजी पंजीकृत वाहन नियमों का उल्लंघन करते हुए व्यावसायिक रूप से यात्रियों का परिवहन कर रहे हैं। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए परिवहन उड़नदस्ता की टीम ने विशेष जांच अभियान चलाया, जिसमें कई वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान 5 जीप टैक्सी वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, जिन पर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग के अनुसार जब्त किए गए वाहन वर्ष 1998 एवं 1999 में पंजीकृत हैं। इन वाहनों का पंजीकरण निजी उपयोग के लिए किया गया था, लेकिन इनका उपयोग व्यावसायिक परिवहन में किया जा रहा था। वाहन संचालकों द्वारा बिना वैध परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र और बीमा के यात्रियों को ढोया जा रहा था, जिससे न केवल शासन के राजस्व को नुकसान पहुंच रहा था बल्कि यात्रियों की सुरक्षा भी गंभीर रूप से प्रभावित हो रही थी।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने कहा कि इस प्रकार के अवैध संचालन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों की अनदेखी कर निजी वाहनों को व्यावसायिक रूप से चलाने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा तथा ऐसे वाहनों के संचालन पर पूर्णतः रोक लगाने के लिए कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आमजनता से भी अपील करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान केवल वैध परमिट, फिटनेस और बीमा युक्त अधिकृत सार्वजनिक परिवहन वाहनों का ही उपयोग करें। अवैध रूप से संचालित वाहनों में यात्रा करना दुर्घटना और अन्य जोखिमों को बढ़ा सकता है।
इस कार्रवाई के दौरान परिवहन उपनिरीक्षक ए. टी. द्विवेदी सहित परिवहन उड़नदस्ता की टीम सक्रिय रूप से मौजूद रही और जांच अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
परिवहन विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न मार्गों पर भी विशेष जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

