जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष की वजह, गंभीर हालत में सड़क किनारे मिला युवक, इलाज के दौरान तोड़ा दम…
चंद्रिका कुशवाहा,सूरजपुर
प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम गोंदा में एक युवक के कथित अपहरण और बेरहमी से मारपीट के बाद हुई मौत ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। गुरुवार दोपहर हुई इस घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। मृतक की पहचान हरिनंदन राजवाड़े (36 वर्ष), पिता स्व. रामप्रसाद राजवाड़े, निवासी ग्राम गोंदा के रूप में हुई है। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर अपहरण कर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर हरिनंदन राजवाड़े अपने दो दोस्तों तुषार और राहुल के साथ अंबिकापुर से गांव लौटा था। इसके बाद वह अपने मित्र राजेंद्र प्रसाद के घर पहुंचा, जहां चारों आपस में बैठकर पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही एक युवक को इसकी जानकारी मिली। आरोप है कि वह अपने 10 से 15 साथियों के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने हरिनंदन को जबरन पकड़कर एक चारपहिया वाहन में बैठा लिया। वहां मौजूद लोगों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी उसे अपने साथ लेकर चले गए।

घटना की जानकारी मिलते ही हरिनंदन के बड़े भाई और अन्य परिजन उसकी तलाश में निकल पड़े। काफी देर तक खोजबीन के बाद हरिनंदन ग्राम केवरा चौक के पास सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल और बेहोशी की हालत में मिला। उसके शरीर पर लाठी-डंडों से मारपीट के कई निशान थे तथा शरीर से खून भी बह रहा था। परिजन तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन देर रात करीब दो बजे उसने दम तोड़ दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक और आरोपित पक्ष के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि करीब 15 दिन पहले भी इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होने की बात कह रही है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मर्ग कायम किया और परिजनों के बयान दर्ज किए। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले से जुड़े संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद ग्राम गोंदा सहित आसपास के क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह युवक का अपहरण कर उसकी पिटाई करना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। परिजनों ने भी आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द कानून के दायरे में लाया जाएगा।

