विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने वायरल वीडियो पर दी सफाई, कहा- किसी की भावना आहत करना उद्देश्य नहीं था..
चंद्रिका कुशवाहा, सूरजपुर
हरिनंदन राजवाड़े हत्याकांड के बाद वायरल हुए वीडियो को लेकर प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान वह भावुक थीं और उनके बयान को अधूरा दिखाए जाने से गलत संदेश गया।
राष्ट्रहित न्यूज से बातचीत में विधायक ने बताया कि घटना के समय वह महाकालेश्वर और भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए बाहर गई हुई थीं। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र लौटते ही सबसे पहले पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं।

उन्होंने कहा कि परिवार का दु:ख देखकर वह स्वयं भी भावुक हो गईं। उनका उद्देश्य केवल पीड़ित परिवार को सांत्वना देना और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाना था।
विधायक ने कहा कि हरिनंदन राजवाड़े की हत्या दु:खद घटना है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह न्याय की मांग को लेकर पीड़ित परिवार के साथ हैं।उन्होंने यह भी कहा कि शोक की स्थिति में उनके कुछ शब्दों से यदि किसी समाज, अधिवक्ता समुदाय, पुलिस विभाग या किसी अन्य संगठन की भावनाएं आहत हुई हैं तो इसके लिए वह खेद व्यक्त करती हैं। उनका कहना है कि किसी का अपमान करना उनका उद्देश्य नहीं था।
विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके बयान का केवल एक हिस्सा प्रसारित किया गया, जबकि पूरी बातचीत का संदर्भ अलग था। उन्होंने लोगों से पूरे घटनाक्रम को समझने की अपील की।अंत में विधायक ने क्षेत्रवासियों से शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि कानून पर विश्वास रखना चाहिए और उन्हें उम्मीद है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा।

