उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक महामंडलेश्वर के खिलाफ महिला ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर महाकाल थाना पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज के खिलाफ मामला दर्ज किया है। केस दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।
दादूराम आश्रम से जुड़ा है मामला
पुलिस के अनुसार, मामला उज्जैन के सदावल मार्ग स्थित दादूराम आश्रम से जुड़ा है। आश्रम के संचालक और निर्मोही अणि अखाड़े के महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज पर महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
एडिशनल एसपी आलोक शर्मा के मुताबिक, शिकायतकर्ता महिला एक सांस्कृतिक ग्रुप से जुड़ी हुई है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान उसकी आरोपी से पहचान हुई थी।
फेसबुक फ्रेंड रिक्वेस्ट के बाद WhatsApp पर बातचीत
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने महिला को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। इसके बाद दोनों के बीच WhatsApp पर बातचीत होने लगी। महिला का करीब एक साल तक दादूराम आश्रम में आना-जाना रहा।
महिला का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसे शादी का भरोसा दिया और उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया।
शादी से इनकार के बाद पुलिस में शिकायत
महिला के अनुसार, बाद में आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने महाकाल थाना पुलिस से शिकायत की और घटना से संबंधित कुछ डिजिटल साक्ष्य भी पुलिस को उपलब्ध कराए।
पुलिस के मुताबिक, इन साक्ष्यों में ऑडियो रिकॉर्डिंग और WhatsApp चैट शामिल हैं। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
BNS की धाराओं में केस दर्ज, आरोपी फरार
महाकाल थाना पुलिस ने आरोपी महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है।
केस दर्ज होने के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।

