‘ये खेत मेरा है’… कहकर निकाली तलवार…! फिर जो हुआ, देखकर सहम गए लोग
चंद्रिका कुशवाहा, सूरजपुर
जिले के बसदेई चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गंगोटी में जमीन विवाद उस समय सनसनीखेज घटनाक्रम में बदल गया, जब एक पक्ष का व्यक्ति हाथ में तलवार लेकर खेत में पहुंच गया। आरोप है कि उसने खेत की जुताई और बोआई करने पहुंचे परिवार को तलवार लहराकर डराया-धमकाया और महिला सहित उसके बेटे-बेटी को जान से मारने की धमकी देते हुए खेत से खदेड़ने का प्रयास किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बसदेई चौकी क्षेत्र के ग्राम गंगोटी कुम्हारपारा निवासी बॉबी देवांगन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि 9 जुलाई को उसके चाचा ससुर लक्ष्मण देवांगन तलवार लेकर खेत में पहुंचे और विवादित भूमि को अपनी बताते हुए गाली-गलौज करने लगे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने तलवार लहराते हुए परिवार को खेत में काम नहीं करने देने की धमकी दी तथा विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी।
बताया गया कि जिस भूमि को लेकर विवाद है, उसका सीमांकन 15 जून को राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में कराया जा चुका था। इसके बावजूद आरोपी जमीन पर अपना दावा जताते हुए खेती करने का विरोध कर रहा था।
घटना के दिन महिला अपने बेटे और बेटी के साथ ट्रैक्टर लेकर खेत में जुताई-बोआई के लिए पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी तलवार लेकर वहां पहुंच गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि तलवार लहराते हुए उसने परिवार को डराने का प्रयास किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(बी), 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज किया है।
बसदेई चौकी प्रभारी योगेंद्र जायसवाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

