Aamir Khan Wedding मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता Aamir Khan ने अपनी तीसरी शादी की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। एक हालिया मीडिया बातचीत में अभिनेता ने बताया कि वह 5 जुलाई को अपनी मंगेतर गौरी स्प्रैट के साथ विवाह करेंगे। शादी बेहद निजी समारोह में उनके घर पर आयोजित होगी।
हाल ही में वेब सीरीज ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ की स्क्रीनिंग के दौरान मीडिया से बातचीत में आमिर खान ने कहा, “हां, मेरी शादी 5 जुलाई को हो रही है। यह बहुत छोटी-सी शादी होगी। घर पर ही दोनों परिवारों के साथ समारोह होगा। यह हमारे लिए बहुत खास दिन है। आप सभी से दुआ और आशीर्वाद चाहते हैं कि हमारा जीवन खुशहाल रहे।”
परिवार और करीबी दोस्त होंगे शामिल
आमिर खान ने बताया कि शादी में केवल दोनों परिवारों के सदस्य, कुछ करीबी रिश्तेदार और बचपन के दोस्त शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि समारोह को पूरी तरह सादगी और निजी माहौल में आयोजित किया जाएगा।
कौन हैं गौरी स्प्रैट?
गौरी स्प्रैट बेंगलुरु की रहने वाली हैं और फैशन, ब्यूटी तथा वेलनेस इंडस्ट्री से जुड़ी हैं। वह आमिर खान की प्रोडक्शन कंपनी से भी जुड़ी हुई हैं। आमिर खान ने पहले सार्वजनिक रूप से बताया था कि वह पिछले करीब डेढ़ साल से गौरी स्प्रैट को डेट कर रहे हैं। इसके बाद से दोनों के रिश्ते की चर्चा लगातार होती रही।
अब आमिर खान की शादी की आधिकारिक पुष्टि के बाद उनके प्रशंसकों में उत्साह देखा जा रहा है। 5 जुलाई को होने वाला यह निजी समारोह बॉलीवुड की चर्चित शादियों में शामिल माना जा रहा है।

