Trump on Iran : वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई का बचाव करते हुए दावा किया है कि अमेरिकी सेना ने लगातार तीन रातों तक ईरान के सैन्य ठिकानों पर हमले किए। उन्होंने कहा कि इन अभियानों के दौरान ईरान के रडार सिस्टम को बार-बार निशाना बनाया गया और होर्मुज जलडमरूमध्य (Hormuz Strait) से गुजरने वाले वाणिज्यिक तेल टैंकरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की गई।
सीएनबीसी को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना ने ईरान के रडार सिस्टम को पूरी तरह निष्क्रिय कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि ईरान ने नया रडार सिस्टम स्थापित किया था, जिसे भी हाल ही में किए गए हमलों में नष्ट कर दिया गया।
IRCTC की फर्जी वेबसाइट से हो रही ऑनलाइन ठगी, सरकार ने यात्रियों के लिए जारी की बड़ी चेतावनी
‘हमारे पास सभी जरूरी साधन मौजूद’
भविष्य में संभावित सैन्य कार्रवाई के सवाल पर ट्रंप ने कहा कि अमेरिका पूरी तरह तैयार है। उन्होंने अमेरिकी नौसेना की क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि समुद्री क्षेत्र में उसकी मौजूदगी “स्टील की दीवार” की तरह है।
ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी नौसेना की तैनाती के कारण कोई भी जहाज ईरान तक नहीं पहुंच पाया और होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई।
ईरान की अर्थव्यवस्था पर भी किया दावा
ट्रंप ने कहा कि सैन्य संघर्ष के बाद ईरान की अर्थव्यवस्था गंभीर दबाव में है। उन्होंने दावा किया कि देश में महंगाई दर लगभग 300 प्रतिशत तक पहुंच गई है और आर्थिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो अमेरिका ईरान को मक्का, गेहूं और सोयाबीन जैसी खाद्य सामग्री का निर्यात कर सकता है। ट्रंप के अनुसार, इससे अमेरिकी किसानों को भी लाभ मिलेगा।
मीडिया रिपोर्टों को किया खारिज
इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने उन मीडिया रिपोर्टों को भी खारिज किया, जिनमें दावा किया गया था कि संघर्ष के बावजूद ईरान मजबूत स्थिति में है। उन्होंने कहा कि ईरान खाद्य संकट जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है और उसे आवश्यक खाद्यान्न की जरूरत है।

