7 दिन में जॉइनिंग का अल्टीमेटम, नहीं मानी तो रुकेगा वेतन…,सरकार की बड़ी प्रशासनिक सर्जरी से विभाग में बढ़ी हलचल…
चंद्रिका कुशवाहा,रायपुर
राज्य शासन ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 122 अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले किए हैं। जारी आदेश के अनुसार 66 अभियंताओं तथा 56 विभिन्न संवर्ग के अधिकारियों-कर्मचारियों की नवीन पदस्थापना की गई है। इस व्यापक तबादला सूची के बाद विभाग में हलचल तेज हो गई है।

स्थानांतरित अधिकारियों में कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, उप अभियंता, प्रोग्रामर, राजस्व निरीक्षक, स्वास्थ्य निरीक्षक सहित विभिन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक पदों पर कार्यरत अधिकारी शामिल हैं। वहीं कर्मचारियों में सहायक कार्यालय अधीक्षक, तकनीकी सहायक, लेखपाल, सहायक ग्रेड-2, सहायक ग्रेड-3, डाटा एंट्री ऑपरेटर, कंप्यूटर ऑपरेटर, सहायक राजस्व निरीक्षक, समयपाल, कैशियर, वाहन चालक, चौकीदार, पंप अटेंडेंट और भृत्य तक का तबादला किया गया है।


नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए सभी स्थानांतरित अधिकारियों और कर्मचारियों को सात दिनों के भीतर अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के लिए कहा है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में कार्यभार ग्रहण नहीं करने की स्थिति में संबंधित अधिकारी या कर्मचारी को वर्तमान पदस्थापना स्थल से वेतन देय नहीं होगा। साथ ही आदेश का पालन नहीं कराने वाले नियंत्रण अधिकारियों के विरुद्ध भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

एक साथ 122 अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले को विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव माना जा रहा है। इससे नगरीय निकायों के कामकाज में नई जिम्मेदारियों के साथ प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।


