आबकारी विभाग की कार्रवाई : 7 बल्क लीटर महुआ शराब और 45 किलो लाहन जब्त, आरोपी पर मामला दर्ज…
बलरामपुर,
जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसी क्रम में आबकारी विभाग ने राजपुर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध महुआ शराब और महुआ लाहन जब्त किया है। मामले में आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान आबकारी विभाग की टीम ने राजपुर क्षेत्र के ग्राम दुप्पी में दबिश देकर एक व्यक्ति के कब्जे से अवैध रूप से संग्रहित महुआ शराब बरामद की।
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि ग्राम दुप्पी निवासी सुकूल चंद के पास से 07 बल्क लीटर अवैध हाथ भट्टी महुआ शराब तथा 45 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। जांच में शराब का निर्माण एवं भंडारण अवैध रूप से किया जाना पाया गया, जिसके बाद तत्काल जब्ती की कार्रवाई की गई।
आबकारी विभाग ने आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के प्रावधानों के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। आने वाले दिनों में भी विशेष अभियान जारी रहेगा और अवैध शराब के निर्माण, भंडारण तथा परिवहन में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

