20-25 स्कूली बच्चों की सांसें अटक गईं, ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी; पुलिस और 112 की टीम ने संभाला मोर्चा
चंद्रिका कुशवाहा,सूरजपुर
प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मसगा में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूली बच्चों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। बरसात के कारण फिसलन भरी सड़क और टर्निंग पर बस के ब्रेक लगते ही वाहन संतुलन खो बैठा। देखते ही देखते बस सड़क से नीचे खेत में पलट गई। हादसे के दौरान बस में करीब 20 से 25 स्कूली बच्चे सवार थे।
बस पलटते ही बच्चों की चीख-पुकार से आसपास का इलाका गूंज उठा। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए बस के भीतर फंसे बच्चों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। बच्चों में भय और दहशत का माहौल था, वहीं परिजन भी सूचना मिलते ही घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहीं प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एंबुलेंस भी रवाना की गई। सभी घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर लाया गया। डॉक्टरों ने सभी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। राहत की बात यह रही कि किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई। कुछ बच्चों को हल्की चोटें और खरोंच आई थीं, जिनका उपचार करने के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क बेहद फिसलन भरी थी। संकरे मोड़ पर चालक ने बस को नियंत्रित करने के लिए ब्रेक लगाया, लेकिन बस फिसलकर खेत में पलट गई। यदि ग्रामीण समय पर मौके पर नहीं पहुंचते तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं तथा किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। बस पलटने के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों पर भी विचार किया जाएगा।
इस हादसे ने एक बार फिर बरसात के मौसम में स्कूली वाहनों की सुरक्षा और फिसलन भरी सड़कों पर सतर्कता की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।

