बलरामपुर : वाड्रफनगर ने रचा इतिहास: 70 दिनों में 1936 बालिकाओं का शत-प्रतिशत HPV टीकाकरण
बलरामपुर/वाड्रफनगर,
विकासखंड वाड्रफनगर ने स्वास्थ्य क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर जिला एवं राज्य स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। मात्र 70 दिनों के भीतर 1936 लक्षित बालिकाओं का सफल टीकाकरण कर विकासखंड ने बेटियों को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से सुरक्षित भविष्य देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
यह उपलब्धि कलेक्टर एवं संयुक्त संचालक, सरगुजा संभाग डॉ. अनिल कुमार शुक्ला के कुशल निर्देशन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. विजय सिंह के मार्गदर्शन तथा खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) डॉ. हेमन्त दीक्षित के नेतृत्व में संभव हो सकी। 9 अप्रैल 2026 से शुरू हुए इस विशेष अभियान में स्वास्थ्य विभाग की टीम, एएनएम, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और मितानिनों ने समन्वित प्रयास करते हुए निर्धारित लक्ष्य को समय से पहले पूरा किया।
अभियान का उद्देश्य किशोरियों को भविष्य में होने वाले गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के जोखिम से बचाना और महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाना था। टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने, अभिभावकों को प्रेरित करने और बालिकाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने में मितानिनों की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमन्त दीक्षित ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरी “टीम वाड्रफनगर” की मेहनत, समर्पण और बेहतर समन्वय का परिणाम है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं मितानिन बहनों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों से यह लक्ष्य निर्धारित समय में हासिल किया जा सका।
इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरी टीम को बधाई दी है। वाड्रफनगर की यह सफलता प्रदेश सरकार के “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार, समृद्ध छत्तीसगढ़” के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरी है।


