यूपीएससी की तैयारी कर रहे युवाओं को मिला बड़ा तोहफा, साथ ही ग्रंथालय में मिलेट्स कैंटीन और नई पुस्तकों की व्यवस्था के भी दिए निर्देश..
नरेंद्र मिश्रा, बलरामपुर
जिला मुख्यालय स्थित जिला ग्रंथालय का आकस्मिक निरीक्षण करने पहुंचीं कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के बीच बैठकर उनकी पढ़ाई, चुनौतियों और आवश्यकताओं को जाना। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को सही रणनीति, समय प्रबंधन और उपयुक्त अध्ययन सामग्री के चयन के महत्व पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।कलेक्टर ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए निरंतर अध्ययन, सही पाठ्यक्रम का चयन और अनुशासित तैयारी बेहद जरूरी है। उन्होंने ग्रंथालय में पढ़ाई कर रहे अभ्यर्थियों से उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली और निर्देश दिए कि यदि किसी छात्र को किसी विशेष पुस्तक की आवश्यकता हो तो उसकी सूची ग्रंथपाल को उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रशासन शीघ्र उन पुस्तकों की व्यवस्था कर सके।
निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने ग्रंथालय परिसर में कैंटीन की मांग रखी। इस पर कलेक्टर ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को महिला स्व-सहायता समूह के माध्यम से कैंटीन शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कैंटीन में जंक फूड के बजाय रागी, कोदो, कुटकी जैसे मिलेट्स से बने पौष्टिक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जाएं।यूपीएससी की तैयारी कर रही छात्रा महिमा प्रजापति ने कलेक्टर से परीक्षा की तैयारी और सिलेबस को लेकर मार्गदर्शन मांगा। जब छात्रा ने बताया कि उसके पास स्मार्टफोन नहीं है, तब कलेक्टर ने अपना मोबाइल निकालकर यूपीएससी का सिलेबस, पुराने प्रश्नपत्र और अध्ययन सामग्री इंटरनेट पर खोजकर दिखाई तथा ऑनलाइन संसाधनों का उपयोग करने के तरीके भी समझाए।
कलेक्टर ने घोषणा की कि जिले के यूपीएससी अभ्यर्थियों के लिए बाहर से विशेषज्ञ शिक्षकों को बुलाकर विशेष कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी को अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर शीघ्र कार्यशाला आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रंथालय में उपलब्ध कंप्यूटर, इंटरनेट, पत्र-पत्रिकाओं और करंट अफेयर्स सामग्री का नियमित उपयोग करने की भी सलाह दी।
कलेक्टर की इस पहल से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं में उत्साह का माहौल है।

