बलरामपुर : अवैध रेत परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 6 वाहन जब्त, मितगई और पिपरौल के सेंदूर नदी क्षेत्र में खनिज विभाग का अभियान,
अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी,
नरेंद्र मिश्रा, बलरामपुर
जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार खनिज विभाग की टीम ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में संलिप्त 6 वाहनों को जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खनिज विभाग की टीम ने ग्राम मितगई एवं पिपरौल स्थित सेंदूर नदी क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर जांच की। इस दौरान रेत का अवैध परिवहन करते हुए कुल छह वाहनों को पकड़ा गया। इनमें से चार वाहन ग्राम मितगई क्षेत्र से तथा दो वाहन ग्राम पिपरौल क्षेत्र से जब्त किए गए हैं।
खनिज अधिकारी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान संबंधित वाहन चालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके चलते खनिज नियमों के तहत वाहनों को जब्त किया गया। जब्त वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस चौकी विजयनगर एवं तातापानी की अभिरक्षा में रखा गया है।
उन्होंने बताया कि सभी जब्त वाहनों के मालिकों के विरुद्ध खनिज अधिनियम एवं प्रचलित नियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है तथा दोषियों पर निर्धारित दंडात्मक प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार निरीक्षण, जांच और निगरानी अभियान संचालित किए जा रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के साथ-साथ राजस्व की हानि को रोकना भी है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं भी अवैध रेत उत्खनन, भंडारण अथवा परिवहन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन या खनिज विभाग को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

