नरेंद्र मिश्रा, बलरामपुर
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार जिले में अवैध गतिविधियों, अवैध उर्वरक एवं कृषि आदानों के परिवहन तथा विक्रय पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में कृषि एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन की जा रही 240 बोरी जैविक खाद जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को थाना प्रभारी बसंतपुर को अवैध उर्वरक परिवहन की सूचना मिली। सूचना के आधार पर बसंतपुर क्षेत्र में वाहन क्रमांक CG-04 PU-5217 की जांच की गई। जांच के दौरान चालक जैविक खाद के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
बलरामपुर : पिकअप वाहन से पशु तस्करी करते दो आरोपी गिरफ्तार, तीन भैंसें बरामद
इसके बाद थाना प्रभारी ने ट्रक को अभिरक्षा में लेकर कृषि विभाग को सूचना दी। कृषि विभाग की टीम ने वाहन की जांच की, जिसमें ट्रक में 240 बोरी जैविक खाद परिवहन किया जाना पाया गया। टीम ने नियमानुसार खाद का नमूना लेकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि जब्त जैविक खाद हरियाली एग्रो, गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) द्वारा निर्मित है, जिस पर निर्माण माह मई 2026 अंकित है। खाद की गुणवत्ता एवं वैधानिकता की पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी।
कृषि एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने वाहन और खाद को जब्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। उप संचालक कृषि ने बताया कि उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की सुरक्षा तथा गुणवत्तापूर्ण कृषि आदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिले में उर्वरकों एवं अन्य कृषि आदानों के परिवहन और विक्रय पर लगातार निगरानी रखी जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

