नरेंद्र मिश्रा, बलरामपुर
वन मंडल बलरामपुर की टीम ने अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेजों के आधार पर परिवहन की जा रही भारी मात्रा में लकड़ी से भरे ट्रक को जब्त किया है। वन विभाग ने ट्रक सहित 22.074 घनमीटर लकड़ी जब्त कर वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार 9 जुलाई 2026 को वन मंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेई के निर्देश एवं रामानुजगंज वन परिक्षेत्राधिकारी डॉ. दिलरुबा बानो के नेतृत्व में कनहर बैरियर पर नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रक क्रमांक CG-15 ED-9966 को रोककर उसके दस्तावेजों की जांच की गई।
जांच के दौरान परिवहन संबंधी दस्तावेज संदिग्ध पाए गए। गहन जांच में खुलासा हुआ कि ट्रक में खम्हार, जामुन एवं नीलगिरी प्रजाति की कुल 89 नग लकड़ियां, जिनका कुल आयतन 22.074 घनमीटर (CMT) है, फर्जी दस्तावेजों के आधार पर परिवहन की जा रही थीं।
वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लकड़ी से लदे ट्रक को जब्त कर वन अपराध क्रमांक 21972/09, दिनांक 09 जुलाई 2026 के तहत प्रकरण दर्ज किया। जब्त ट्रक को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए चोरपहाड़ी डिपो में सुरक्षित खड़ा कराया गया है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच के आधार पर अवैध लकड़ी परिवहन से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी और वन अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में वनपाल दयाशंकर, विजय बर्मन, सुसना भगत, राजनाथ, पिंटू मालाकार, मंगल राम एवं निखिल सहित वन विभाग के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वन मंडलाधिकारी, बलरामपुर आलोक कुमार बाजपेई, ने कहा कि:
“वन विभाग द्वारा अवैध लकड़ी कटाई एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। कनहर बैरियर पर जांच के दौरान फर्जी दस्तावेजों के सहारे लकड़ी परिवहन का मामला सामने आया, जिस पर तत्काल ट्रक और लकड़ी जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। यदि इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी वन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अवैध वन उपज के परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

