नरेंद्र मिश्रा , बलरामपुर जिले के बसंतपुर थाना पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन से क्रूरतापूर्वक भैंसों की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन भैंसें बरामद कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन क्रमांक UP61 BT 8960 में पशुओं को क्रूरतापूर्वक भरकर उत्तर प्रदेश स्थित बूचड़खाने ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर बसंतपुर थाना गेट के सामने नाकेबंदी की गई। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर जांच की गई।
तलाशी के दौरान वाहन में तीन भैंसों को ठूंस-ठूंसकर क्रूरतापूर्वक ले जाया जाता पाया गया। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अमन यादव (20 वर्ष), निवासी ग्राम मुरलीखुर्द, थाना सिंघोरा, जिला बलरामपुर (उत्तर प्रदेश) तथा साहिल कुमार (20 वर्ष), निवासी ग्राम पहाड़पुर हलधर दौलतपुर, थाना सैदपुर, जिला गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं।
आरोपियों के विरुद्ध थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 109/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1-घ) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ एवं विवेचना के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उपनिरीक्षक मनीष साहू, प्रधान आरक्षक विनोद सागर एवं आरक्षक विवेक कुमार की सराहनीय भूमिका रही।

