वन विभाग और हाथी मित्र दल अलर्ट, पूरे इलाके में बढ़ाई गई निगरानी
चंद्रिका कुशवाहा,सूरजपुर
प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम सिंघरा में रविवार को उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब एक जंगली हाथी अचानक गांव में घुस आया। खेतों और जंगल की ओर से गांव की तरफ बढ़ते हाथी को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग हाथी को देखने के लिए मौके पर पहुंच गए, लेकिन भीड़ और शोर-शराबे के कारण हाथी आक्रामक हो गया और लोगों की ओर दौड़ पड़ा। इसके बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में हाथी गांव के बीच घूमता दिखाई दे रहा है, जबकि लोग उससे बचने के लिए भागते नजर आ रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल है।
सूचना मिलते ही हाथी मित्र दल, वन विभाग की टीम और स्थानीय युवा तत्काल मौके पर पहुंच गए। टीम ने सबसे पहले ग्रामीणों को हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और भीड़ न लगाने की समझाइश दी। गांव में मुनादी कर लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई। खासकर बारिश के मौसम में रात के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने, अकेले जंगल या खेत की ओर नहीं जाने तथा हाथी के करीब पहुंचकर फोटो या वीडियो बनाने से बचने की सलाह दी गई।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। विभाग की टीम हाथी को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित तरीके से वापस जंगल की ओर भेजने का प्रयास कर रही है। हाथी मित्र दल भी लगातार गश्त कर ग्रामीणों को सतर्क कर रहा है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी हाथियों की आवाजाही होती रही है, लेकिन इस तरह गांव के बीच पहुंच जाने से लोगों में डर का माहौल है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी जा रही है। फिलहाल सिंघरा सहित आसपास के गांवों में वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है।
वन विभाग ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने, हाथी को किसी भी प्रकार से उकसाने का प्रयास न करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल वन विभाग या हाथी मित्र दल को सूचना देने की अपील की है। विभाग का कहना है कि ग्रामीणों की सतर्कता और प्रशासन के सहयोग से स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रखने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन पूरे क्षेत्र में एहतियात के तौर पर विशेष निगरानी जारी है।

