Last Updated:June 01, 2026, 12:08 IST
JEE Advanced Female Topper Arohi Deshpande: जेईई एडवांस्ड 2026 रिजल्ट में आरोही देशपांडे फीमेल टॉपर बनी हैं. 280 अंक और AIR 77 हासिल करने वाली आरोही ने कोटा में रहकर कैसे की तैयारी, क्या था उनका डेली स्टडी प्लान और सफलता का सीक्रेट मंत्र? पढ़िए पूरी कहानी.
JEE Advanced 2026 Female Topper: आरोही देशपांडे ने छात्राओं में रैंक 1 हासिल की है (फोटो एडिट- एआई)
नई दिल्ली (JEE Advanced Female Topper Arohi Deshpande). आईआईटी रुड़की ने जेईई एडवांस्ड 2026 के नतीजे जारी कर दिए हैं. जेईई एडवांस्ड 2026 में आरोही देशपांडे फीमेल टॉपर हैं. उन्होंने आईआईटी दिल्ली जोन से कॉमन रैंक लिस्ट में ऑल इंडिया रैंक 77 और फीमेल कैटेगरी में रैंक 1 हासिल की है. जेईई एडवांस्ड 2026 के दोनों पेपर में 360 अंकों में से उन्हें कुल 280 अंक मिले हैं. आरोही देश की सबसे कठिन इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी करने वाली लड़कियों के लिए मिसाल बन गई हैं.
आरोही देशपांडे महाराष्ट्र के पुणे की रहने वाली हैं. उन्होंने राजस्थान के चर्चित कोचिंग हब कोटा में रहकर जेईई की तैयारी की थी. उन्होंने खुद को सोशल मीडिया की चकाचौंध से दूर रखा और अपना पूरा ध्यान सिर्फ और सिर्फ अपनी कमजोरियों को सुधारने पर लगाया. अब जेईई एडवांस्ड 2026 फीमेल टॉपर आरोही देशपांडे का अगला लक्ष्य देश के टॉप आईआईटी से बीटेक करना है. जानिए आखिर कैसा था देश की ‘गर्ल्स चैंपियन’ का कोटा सफर और क्या हैं उनकी सफलता के सीक्रेट्स.
कोटा में रहकर की जेईई एडवांस्ड की तैयारी
आरोही देशपांडे की जेईई सक्सेस स्टोरी देश के सबसे बड़े एजुकेशन हब कोटा से जुड़ी हुई है. अपनी स्कूली पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने तय कर लिया था कि उन्हें आईआईटी जाना है. यही सपना पूरा करने के लिए वे कोटा आ गईं. आरोही का मानना है कि कोटा का माहौल हर दिन बेहतर करने के लिए पुश करता है. वहां हर हफ्ते होने वाले टेस्ट और देशभर के क्रीम बच्चों के साथ कॉम्पिटिशन ने उनकी तैयारियों को और ज्यादा धार दी, जिससे वे बिना डरे फाइनल एग्जाम का सामना करने के लिए तैयार हो सकीं.
टॉपर का ‘नो-सोशल मीडिया’ स्टडी प्लान
आरोही की सबसे बड़ी ताकत उनकी निरंतरता रही. अपनी तैयारी के दिनों में उन्होंने स्मार्टफोन और सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बना ली थी. उनका मानना है कि रील्स और चैटिंग में जाने वाले समय से एकाग्रता भंग होती है. आरोही रोजाना नियम से 8 से 9 घंटे की क्वॉलिटी स्टडी करती थीं. उनके स्टडी प्लान का सबसे मुख्य हिस्सा था- मॉक टेस्ट का एनालिसिस. टेस्ट में जो भी गलतियां होती थीं, वे उन्हें डायरी में नोट करती थीं और अपने कोचिंग टीचर्स की मदद से उसे तुरंत ठीक करती थीं.
फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स को क्रैक करने की रणनीति
जेईई एडवांस्ड जैसी कठिन परीक्षा को क्रैक करने के लिए आरोही देशपांडे ने तीनों विषयों के लिए अलग रणनीति अपनाई थी. उन्होंने केमिस्ट्री के लिए एनसीईआरटी (NCERT) के बेसिक्स को पूरी तरह रट लिया था, जबकि फिजिक्स और मैथमेटिक्स के लिए कॉन्सेप्ट को समझने के बाद एडवांस लेवल के सवालों की जमकर प्रैक्टिस की. परीक्षा के दिनों में उन्होंने खुद को तनाव से दूर रखने के लिए छोटे-छोटे ब्रेक लिए और हल्का संगीत सुना, जिससे उनका माइंड हमेशा फ्रेश रहा.
जोसा काउंसलिंग की तैयारी में जुटीं आरोही
इस साल पास होने वाले 56,880 उम्मीदवारों में आरोही देश की सर्वश्रेष्ठ छात्रा बनकर उभरी हैं. इस शानदार परिणाम के बाद अब वे आगामी जोसा (JoSAA) 2026 काउंसलिंग की प्रक्रिया में शामिल होने के लिए उत्साहित हैं. देश के सबसे प्रीमियम तकनीकी संस्थान से कंप्यूटर साइंस या अपनी पसंदीदा कोर इंजीनियरिंग ब्रांच में दाखिला लेकर आरोही आगे चलकर रिसर्च और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में देश का नाम रोशन करना चाहती हैं.
About the Author
Deepali PorwalSenior Sub Editor
Deepali Porwal is a seasoned bilingual journalist with 11 years of experience in the media industry. She currently works with News18 Hindi, focusing on the Education and Career desk. She is known for her versat…और पढ़ें
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में

