बंशीपुर के 33 वर्षीय गोरेलाल पैकरा ने मौके पर तोड़ा दम, चालक भागने की कोशिश में नाकाम, ग्रामीणों के आक्रोश के बीच पुलिस ने संभाली स्थिति
चंद्रिका कुशवाहा,सूरजपुर
जिले के एसईसीएल शिवानी खदान के समीप स्थित बंशीपुर में सोमवार को अंबिकापुर-वाराणसी मुख्य मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार गोरेलाल पैकरा (33 वर्ष) की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बंशीपुर निवासी गोरेलाल पैकरा, पिता स्वर्गीय दशरथ पैकरा, सोमवार को जरही से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अंबिकापुर की ओर से जरही जा रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और गोरेलाल पैकरा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के समय कार में एक दंपति सवार था। हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टक्कर के कारण कार का अगला पहिया बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे वह घटनास्थल से फरार नहीं हो सका।
घटना की सूचना मिलते ही भटगांव थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को सड़क से हटवाकर अस्पताल भिजवाया और मुख्य मार्ग पर बाधित यातायात को सुचारु कराया। वहीं हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम करने की कोशिश की और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।
स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी बृजेश सिन्हा स्वयं मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके स्वामी की पहचान कर ली गई है तथा कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और यातायात सामान्य हो सका।
मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पूरे मामले में मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद बंशीपुर गांव में शोक का माहौल है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण, नियमित जांच और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

