शादी का झांसा देकर चार साल तक दुष्कर्म, शिकायत के बाद रायपुर से गिरफ्तार हुआ आरोपी
बलरामपुर,
बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता, जो दो बच्चों की मां है, की मुलाकात कुछ वर्ष पहले आरोपी से हुई थी। आरोप है कि आरोपी ने शादी का वादा कर उसका विश्वास जीता और उसे अपने साथ किराए के मकान में रखा। इस दौरान उसने करीब चार वर्षों तक शादी का झांसा देकर महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए।

पीड़िता का आरोप है कि जब उसने शादी करने की बात कही तो आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में शादी करने से साफ इनकार कर फरार हो गया। इसके बाद महिला ने वाड्रफनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने लगातार प्रयास किए। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल कॉल डिटेल और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन रायपुर में मिली, जहां दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी को वाड्रफनगर लाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और प्रकरण में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

