चंद्रिका कुशवाहा
सूरजपुर। जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए सूरजपुर पुलिस कप्तान डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने एक बार फिर सख्त तेवर दिखाए हैं। जिला पुलिस कार्यालय में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि लंबित प्रकरणों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता से जुड़ी शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। एसएसपी ने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, लंबित अपराधों, शिकायतों के निराकरण तथा सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी लाई जाए और लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण किया जाए।
कप्तान ने कहा कि आगामी कृषि सीजन को देखते हुए जमीन संबंधी विवाद बढ़ने की संभावना रहती है, इसलिए ऐसे मामलों में तत्काल हस्तक्षेप कर विवादों को प्रारंभिक स्तर पर ही नियंत्रित किया जाए। साथ ही प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और बाउंड ओवर की कार्यवाही को भी प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए।

शाम होते ही सड़कों पर दिखेगी पुलिस
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्देश शाम और रात्रि के समय पुलिस की सक्रिय मौजूदगी को लेकर रहा। एसएसपी प्रशांत ठाकुर ने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पैदल पेट्रोलिंग की जाए तथा आम नागरिकों को सुरक्षा का एहसास कराया जाए। उन्होंने कहा कि अपराधियों के मन में कानून का भय और जनता के मन में पुलिस के प्रति विश्वास बना रहना चाहिए।
तकनीक आधारित पुलिसिंग पर जोर
एसएसपी ने विवेचना में ई-साक्ष्य प्रणाली का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने, सीसीटीएनएस में सभी प्रविष्टियां अपडेट रखने तथा डिजिटल साक्ष्यों के संग्रहण और उपयोग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक पुलिसिंग में तकनीकी साक्ष्य अपराधियों को सजा दिलाने का मजबूत माध्यम बन रहे हैं।
स्कूल-कॉलेजों के आसपास विशेष निगरानी
आगामी शैक्षणिक सत्र को ध्यान में रखते हुए स्कूलों और कॉलेजों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार जनसंवाद कार्यक्रम चलाने पर भी जोर दिया गया।
अवैध कारोबारियों और अपराधियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
बैठक में अवैध गतिविधियों, नशे के कारोबार, जुआ-सट्टा और अन्य गैरकानूनी कार्यों पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने साफ कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को संरक्षण देने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कप्तान के सख्त निर्देशों के बाद यह स्पष्ट संकेत मिल गया है कि आने वाले दिनों में सूरजपुर जिले में पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक सक्रिय दिखाई देगी। अपराधियों, असामाजिक तत्वों और अवैध कारोबारियों पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू हो चुकी है, वहीं आम जनता को सुरक्षित वातावरण देने के लिए पुलिस मैदान में उतरने जा रही है। पुलिस कप्तान के इन सख्त तेवरों की चर्चा अब जिलेभर में हो रही है।

