राजपुर । सोमवार को डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, पतरातु में नन्हें बच्चों ने “ऑपरेशन सिपाही रक्षा-सूत्र अभियान – 2026” के एक विशेष आयोजन के तहत सीमा पर डटे जवानों के नाम रक्षा-सूत्र (राखी) बनाकर देश के सैनिकों के प्रति अपना सम्मान ज़ाहिर किया ।
ग़ौरतलब है कि जवानों को समर्पित यह छत्तीसगढ़ का राष्ट्रव्यापी देशभक्ति अभियान है । इस “ऑपरेशन सिपाही रक्षा-सूत्र” अभियान – 2026 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ प्रदेश के विद्यालयों, महाविद्यालयों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों द्वारा निःशुल्क रूप से भेजी गई राखियाँ, सैनिकों हेतु लिखे गए पत्र तथा तिलक हेतु एक चुटकी पावन मिट्टी को एकत्रित कर पूर्व सैनिकों द्वारा पूर्णतः नि:स्वार्थ सेवा भाव से भारतीय सेना मुख्यालय तक पहुँचाया जाता है, ताकि रक्षाबंधन के पावन अवसर पर देशवासियों का स्नेह, सम्मान एवं आशीर्वाद हमारे सीमा पर तैनात वीर सैनिकों तक पहुँच सके ।
इस अवसर पर श्रीमती शशिकला भगत जी (महिला मोर्चा जिला प्रभारी, भाजपा, बलरामपुर), श्रीमती सरोज रजत जी (महिला मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष, भाजपा, राजपुर), श्रीमती सावित्री नगेसिया (महिला मोर्चा मंडल मंत्री, भाजपा, राजपुर) की गरिमामयी उपस्थिति बनी रही । जहाँ श्रीमती शशिकला भगत जी ने अपने युद्बोधन में देश के वीर जवानों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए कहा कि बच्चों के द्वारा बनाई गई सभी राखियाँ उन जवानों के नाम है, जो देश की आन-बान-शान और तिरंगे के अभिमान के लिए सीमा पर दिन-रात डटे हैं । वहीं विद्यालय के प्राचार्य श्री आशुतोष झा ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमारे वीर जवानों के नाम यह संदेश रक्षाबंधन के त्यौहार के मायने को और भी ज़्यादा ख़ूबसूरत और भावनात्मक बना देगा…।।

