छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। बसंतपुर थाना पुलिस ने 117 किलो गांजा बरामदगी के पुराने मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर छत्तीसगढ़ लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि कुमार गुप्ता (28), पिता रमेश प्रसाद गुप्ता, निवासी बहादुरपुर कोपवा, थाना फेफना, जिला बलिया, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
ट्रैक्टर की हाइड्रोलिक ट्रॉली से मिला था 117 किलो गांजा
मामला अपराध क्रमांक 204/2025 से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर 2025 को बसंतपुर थाना क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान आरोपी राहुल कुमार यादव, निवासी वंशराज बिगहा, रोहतास, बिहार के कब्जे से ट्रैक्टर की हाइड्रोलिक ट्रॉली में छिपाकर रखा गया करीब 117 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था।
इस मामले में पुलिस ने NDPS एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
एंड टू एंड कार्रवाई में सामने आया फरार आरोपी
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए एंड टू एंड कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर फरार आरोपी रवि कुमार गुप्ता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने गृह क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद बसंतपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम उत्तर प्रदेश के बलिया जिले पहुंची और आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
बलिया कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड, राजपुर में पेशी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय बलिया, उत्तर प्रदेश के समक्ष पेश किया गया। वहां से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के बाद पुलिस आरोपी को छत्तीसगढ़ लेकर आई।
इसके बाद 10 अगस्त 2026 को आरोपी को माननीय न्यायालय राजपुर के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय से न्यायिक रिमांड मिलने के बाद आरोपी को जेल दाखिल करा दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में फरार आरोपियों और गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में जांच आगे भी जारी है। एंड टू एंड कार्रवाई के तहत पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।

