Ram Mandir Chadhawa Chori Case : अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आठों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस और जांच एजेंसियों ने उनकी कथित अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी है। जांच में आय से अधिक अर्जित संपत्तियों के संकेत मिलने पर उन्हें अटैच (कुर्क) कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। साथ ही आरोपियों के बैंक खातों को फ्रीज कराने की कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में कुछ और लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है और जल्द नई गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
बैंक खाते और निवेश खंगाल रही पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, एक्सिस बैंक और केनरा बैंक से आरोपियों के बैंक खातों का ब्योरा जुटाया है। खातों की जांच के बाद उन्हें फ्रीज कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके अलावा जमीनों की खरीद, फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी), आभूषण, नकदी और अन्य निवेश से जुड़े दस्तावेज भी जांच एजेंसियों के हाथ लगे हैं।
जेल में मुख्य आरोपी से दो घंटे पूछताछ
मंगलवार को विवेचक क्षेत्राधिकारी आशुतोष त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंडल कारागार पहुंचकर मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ल से करीब दो घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ के दौरान बरामद धन, निवेश के स्रोत, अन्य आरोपियों की भूमिका और संपत्तियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई गई। पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आरोपियों की रिमांड भी मांगी जा सकती है।
60 से अधिक लोगों से पूछताछ
मामले की जांच के तहत अब तक 60 से अधिक लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। इनमें राम मंदिर से जुड़े कई पदाधिकारी भी शामिल हैं। पुलिस की एक टीम ने कारसेवकपुरम पहुंचकर महासचिव चंपतराय से आरोपित कर्मचारियों की नियुक्ति, सत्यापन और संस्तुति से संबंधित जानकारी भी जुटाई।
जमीन, एफडी और महंगी संपत्तियों के मिले दस्तावेज
जांच के दौरान टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्र, लवकुश मिश्र, रमाशंकर मिश्र, मनीष यादव, करुणेश पांडेय और सुभाष श्रीवास्तव के घरों से जमीन खरीद, एफडी, क्रेडिट-डेबिट कार्ड, आभूषण और अन्य महंगी वस्तुओं से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस इन सभी संपत्तियों के स्रोत और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।
रजिस्ट्री कार्यालय में भी खंगाले गए रिकॉर्ड
रुदौली कोतवाली पुलिस ने तहसील स्थित निबंधन कार्यालय पहुंचकर लवकुश मिश्र की संपत्तियों से जुड़े रजिस्ट्री रिकॉर्ड की जांच की। अधिकारियों से कई घंटे तक पूछताछ कर जमीन खरीद से संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।
आय से अधिक संपत्ति मिलने पर होगी कार्रवाई
पुलिस जांच में सामने आया है कि कई आरोपी साधारण आर्थिक पृष्ठभूमि से थे, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने महंगी जमीनें खरीदीं, आलीशान मकान बनवाए, होटल और रेस्टोरेंट में निवेश किया तथा लग्जरी वाहन और महंगे मोबाइल खरीदे। पुलिस अब इन सभी संपत्तियों की वैधता की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में आय से अधिक संपत्ति अर्जित होने की पुष्टि होती है, तो कानूनी प्रक्रिया के तहत उन्हें अटैच (कुर्क) किया जाएगा। साथ ही मामले से जुड़े सभी वित्तीय लेनदेन और निवेश की गहन जांच जारी है।

