खजुराहो। छतरपुर कलेक्टर पार्थ जायसवाल द्वारा खजुराहो एयरपोर्ट पर उद्योगपति अनंत अंबानी की अगवानी करने का मामला अब सियासी तूल पकड़ता जा रहा है। इस मुद्दे पर मध्य प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री राजा पटैरिया ने प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाते हुए राज्यपाल और मुख्य सचिव से निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर उनका शिकायती पत्र भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मीडिया से बातचीत में राजा पटैरिया ने कहा कि किसी उद्योगपति की अगवानी के लिए जिला कलेक्टर का एयरपोर्ट पहुंचना प्रशासनिक मर्यादा और संवैधानिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कलेक्टर के पास इसके लिए शासन का कोई अधिकृत आदेश था या अनंत अंबानी को किसी प्रकार का विशेष राजकीय प्रोटोकॉल दिया गया था। यदि ऐसा कोई आदेश नहीं था, तो यह अखिल भारतीय सेवा अधिनियम, 1968 के प्रावधानों के विपरीत है और इसकी जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
CG Crime News : महिला आरोपी ने पुलिस को दिया चकमा, थाने से फरार होने पर तीन पुलिसकर्मी निलंबित
पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि प्रदेश में आम जनता और किसानों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि एक ओर किसान अपनी समस्याओं को लेकर महीनों तक सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाते हैं और अधिकारियों से मिलने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है, वहीं दूसरी ओर एक उद्योगपति के स्वागत के लिए प्रशासनिक अधिकारी स्वयं एयरपोर्ट पहुंच जाते हैं। उनके अनुसार यह व्यवस्था में बढ़ती वीआईपी संस्कृति का उदाहरण है।
राजा पटैरिया ने कहा कि यह घटना प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई नहीं हुई तो वे बुंदेलखंड में इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करेंगे और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
हालांकि, इस मामले में जिला प्रशासन की ओर से आधिकारिक रूप से विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी है और आगे की स्थिति प्रशासन की प्रतिक्रिया एवं जांच पर निर्भर करेगी।

