सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा आष्टा-शुजालपुर मार्ग पर गोदी जोड़ के पास हुआ, जहां ट्रक और बोलेरो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों की हालत नाजुक होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिविल अस्पताल रेफर किया गया है।
मौके पर पार्वती थाना प्रभारी हरिसिंह परमार भी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

