चंदौली। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को मुगलसराय थाने में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में आयोजित हुई, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों तथा पीस कमेटी के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से त्योहार को आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही ताजिया जुलूसों को निर्धारित मार्गों से निकालने, बिना अनुमति किसी नई परंपरा या मार्ग की शुरुआत न करने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ताजिया की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने पर भी जोर दिया गया, ताकि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना न हो।
अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में स्थानीय स्तर पर बिजली, पानी और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। इस दौरान उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर, थानाध्यक्ष मुगलसराय समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

