बलरामपुर : पीडब्ल्यूडी सचिव मुकेश कुमार बंसल ने धीमी निर्माण प्रगति पर जताई नाराजगी, लापरवाह ठेकेदारों को नोटिस व ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश
नरेंद्र मिश्रा,बलरामपुर
लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बलरामपुर जिले के दौरे के दौरान विभागीय निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-343, कंठी घाट सहित विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
सचिव बंसल ने कहा कि बारिश का मौसम शुरू होने से पहले सभी अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की भी जानकारी ली।
इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में सचिव ने विभागीय अधिकारियों से विभिन्न सड़क और पुल निर्माण कार्यों की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। बैठक में कई परियोजनाओं की प्रगति अपेक्षित स्तर पर नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने धीमी गति से कार्य कर रहे ठेकेदारों के खिलाफ नोटिस जारी करने तथा लगातार लापरवाही पाए जाने पर उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यस्थलों का निरीक्षण कर प्रगति की मॉनिटरिंग करने और आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान करने को कहा।
सचिव बंसल ने विशेष रूप से सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य केवल समय पर पूरा होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी गुणवत्ता भी उच्च स्तर की होनी चाहिए ताकि जनता को लंबे समय तक बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने सड़क सुरक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निर्माण एजेंसियों को आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करने, चेतावनी संकेतक लगाने तथा दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का भरोसा दिलाया। सचिव ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विकास कार्यों को गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ समय पर पूरा करना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

