Last Updated:June 01, 2026, 12:53 IST
JoSAA Counselling 2026 Process: जेईई एडवांस्ड 2026 का रिजल्ट आने के बाद अब बारी है JoSAA काउंसलिंग की. आईआईटी में एडमिशन कैसे मिलेगा, जोसा काउंसलिंग कब और कैसे होगी, कौन शामिल हो सकता है और कौन से डॉक्यूमेंट्स जरूरी हैं? जानिए जोसा काउंसलिंग से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी.
JoSAA Counselling 2026: जोसा काउंसलिंग के लिए कुछ जरूरी डॉक्यूमेंट्स तैयार रखें
नई दिल्ली (JoSAA Counselling 2026 Process). जेईई एडवांस्ड 2026 के नतीजे घोषित किए जाने के बाद देशभर के सफल उम्मीदवारों का पहला पड़ाव पूरा हो चुका है. परीक्षा में शामिल हुए 1.79 लाख से अधिक उम्मीदवारों में से 56,880 सफल हुए हैं. इन्हें अब आईआईटी में एंट्री का टिकट मिलेगा. लेकिन ध्यान रहे, सिर्फ परीक्षा पास कर लेना ही काफी नहीं है. आईआईटी की चमचमाती सीटों तक पहुंचने का असली रास्ता ‘जोसा’ यानी जॉइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी (JoSAA) काउंसलिंग से होकर गुजरता है.
जेईई एडवांस्ड 2026 रिजल्ट के बाद सबके मन में सवाल है कि काउंसलिंग प्रक्रिया कब शुरू होगी, इसमें भाग लेने का तरीका क्या है और मनपसंद आईआईटी कैंपस और मनचाही ब्रांच (जैसे कंप्यूटर साइंस या डेटा साइंस) कैसे लॉक की जाती है? जोसा काउंसलिंग 2026 सेंट्रलाइज्ड ऑनलाइन प्रक्रिया है, जो देश के 23 IIT, 31 NIT, IIEST शिबपुर, 26 IIIT और अन्य सरकारी सहायता प्राप्त तकनीकी संस्थानों (GFTIs) में एडमिशन का मौका देती है. जानिए जोसा काउंसलिंग 2026 का पूरा प्रोसेस.
जोसा काउंसलिंग पात्रता नियम
जोसा (JoSAA) काउंसलिंग में 2 तरह के उम्मीदवार हिस्सा ले सकते हैं.
- जिन्होंने JEE Main 2026 क्वॉलिफाई किया है- ये उम्मीदवार एनआईटी, ट्रिपल आईटी (IIIT) और जीएफटीआई (GFTI) की सीटों के लिए पात्र होंगे.
- 56,880 उम्मीदवार जिन्होंने हाल ही में जारी JEE Advanced 2026 का कटऑफ क्लियर किया है. ये उम्मीदवार देश के सभी 23 आईआईटी (IIT) संस्थानों की सीटों के लिए जोसा पोर्टल पर अपनी दावेदारी पेश करेंगे.
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग
जैसे ही जोसा का पोर्टल लाइव होगा, उम्मीदवारों को अपने जेईई मेन्स या एडवांस्ड के क्रेडेंशियल्स का इस्तेमाल करके लॉगिन करना होगा. इसके बाद शुरू होता है सबसे जरूरी काम- चॉइस फिलिंग. यहां आपको अपनी रैंक के हिसाब से कॉलेजों और ब्रांचों की लिस्ट प्राथमिकता के क्रम में भरनी होती है. आप चाहे जितने विकल्प चुन सकते हैं. इसलिए पसंदीदा कॉलेजों को हमेशा ऊपर रखें और चॉइस भरने के बाद उसे ‘लॉक’ करना न भूलें.
सीट अलॉटमेंट के 3 जरूरी नियम: Freeze, Float और Slide
जोसा काउंसिलिंग के दौरान जब कोई सीट अलॉट (आबंटित) होती है तो जोसा 3 विकल्प देता है:
- Freeze (फ्रीज): अगर आप मिली हुई सीट और कॉलेज से पूरी तरह संतुष्ट हैं और आगे के राउंड में नहीं जाना चाहते तो इसे चुनकर सीट पक्की कर लें.
- Float (फ्लोट): इसका मतलब है कि आप मिली हुई सीट को अपने पास सुरक्षित रखते हुए अगले राउंड में इससे बेहतर कॉलेज या ब्रांच के लिए अपग्रेड का विकल्प खुला रख रहे हैं.
- Slide (स्लाइड): अगर आपको पसंदीदा कॉलेज मिल गया है लेकिन आप उसी कॉलेज के अंदर किसी बेहतर या दूसरी पसंदीदा ब्रांच में अपग्रेड होना चाहते हैं तो स्लाइड का विकल्प चुनें.
Documents Required for IIT Admission: जोसा काउंसिलिंग के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट्स
सीट अलॉट होने के बाद स्टूडेंट्स को ऑनलाइन डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कराना होता है. इसके लिए आपके पास ये डॉक्यूमेंट्स होने चाहिए:
- जोसा अलॉटमेंट लेटर
- जेईई एडवांस्ड/मेन्स का एडमिट कार्ड और स्कोरकार्ड
- कक्षा 10वीं और 12वीं की मार्कशीट और पासिंग सर्टिफिकेट (उम्र और बोर्ड सत्यापन के लिए)
- श्रेणी प्रमाणपत्र (अगर लागू हो- OBC-NCL, GEN-EWS, SC, ST) जो तय फॉर्मेट में बना हो
- मेडिकल सर्टिफिकेट (जोसा के आधिकारिक फॉर्मेट पर डॉक्टर द्वारा प्रमाणित)
- पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ और ओरिजिनल आईडी प्रूफ (जैसे वोटर आईडी, पासपोर्ट या स्कूल आईडी).
आईआईटी में एडमिशन कब और कैसे मिलेगा?
जोसा काउंसलिंग आमतौर पर 5-6 राउंड में आयोजित की जाती है. जैसे ही अंतिम राउंड तक मनपसंद सीट मिल जाती है और डॉक्यूमेंट्स ऑनलाइन वेरिफाई हो जाते हैं तो ‘सीट एक्सेप्टेंस फीस’ जमा करनी होती है. जोसा की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित आईआईटी अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर फिजिकल रिपोर्टिंग का शेड्यूल जारी करेंगे. आमतौर पर जुलाई के आखिरी हफ्ते या अगस्त 2026 के पहले हफ्ते तक आवंटित आईआईटी कैंपस में जाकर ऑफलाइन वेरिफिकेशन कराना होगा और फीस का भुगतान करना होगा.
About the Author
Deepali PorwalSenior Sub Editor
Deepali Porwal is a seasoned bilingual journalist with 11 years of experience in the media industry. She currently works with News18 Hindi, focusing on the Education and Career desk. She is known for her versat…और पढ़ें
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में

