बलरामपुर : पशु तस्करी मामले में फरार आरोपी सलमान गिरफ्तार, 12 भैंसें व दो वाहन जब्त
नरेंद्र मिश्रा, बलरामपुर
बलरामपुर-रामानुजगंज पुलिस द्वारा पशु तस्करी एवं अवैध पशु परिवहन के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना राजपुर पुलिस ने पशु तस्करी के एक प्रकरण में फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 जून 2026 को थाना राजपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति मवेशियों को क्रूरतापूर्वक एक पिकअप वाहन में भरकर उत्तर प्रदेश की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने ग्राम गोपालपुर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक UP-65 QT-1375 को रोका और जांच की। जांच के दौरान वाहन में मवेशियों को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा हुआ पाया गया।
कार्रवाई के दौरान पिकअप चालक अशोक गिरी, निवासी थाना चकिया, जिला चंदौली (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए थे। विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि आरोपीगण मवेशियों को वध के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश ले जाने की तैयारी में थे।
प्रकरण की जांच के दौरान फरार आरोपी सलमान उर्फ सहजाद आलम (28 वर्ष), पिता मुमताज आलम, निवासी ग्राम विष्णुपुरा, महादेवपुर चौकी डिण्डो, थाना त्रिकुंडा, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज की लगातार तलाश की जा रही थी। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध पशु परिरक्षण अधिनियम 2024 की धारा 4, 6 एवं 10, पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(डी) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 3(5) के तहत थाना राजपुर में अपराध क्रमांक 147/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की है।
इस मामले में अब तक दो आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। वहीं आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन, एक ब्रेजा कार तथा 12 भैंसों को जब्त किया गया है। जब्त किए गए पशुओं को सुरक्षित संरक्षण में रखा गया है। पुलिस द्वारा शेष फरार आरोपियों की तलाश एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
बलरामपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पशु तस्करी, अवैध पशु परिवहन अथवा पशुओं के प्रति क्रूरता से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

