बलरामपुर : धान भुगतान और फर्जी केसीसी मामलों को लेकर किसान करेंगे अनिश्चितकालीन धरना
नरेंद्र मिश्रा, बलरामपुर/रामानुजगंज
धान बिक्री वर्ष 2025-26 की बकाया राशि के भुगतान एवं किसानों के फर्जी केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) मामलों के निराकरण की मांग को लेकर क्षेत्र के पीड़ित किसानों ने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की घोषणा की है।
इस संबंध में किसानों द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रामानुजगंज को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया गया है। ज्ञापन में बताया गया है कि 9 जून 2026 को मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री के नाम संबोधित आवेदन के माध्यम से किसानों ने धान बिक्री की राशि का शीघ्र भुगतान तथा फर्जी केसीसी प्रकरणों को समाप्त करने की मांग की थी, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
किसानों का कहना है कि लगातार मांग उठाने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होने से वे आंदोलन के लिए मजबूर हुए हैं। इसी के तहत सभी पीड़ित किसानों ने निर्णय लिया है कि 17 जून 2026, बुधवार को सुबह 10 बजे से जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, अभिकापुर शाखा रामानुजगंज के सामने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
किसानों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी दोनों प्रमुख मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन की प्रतिलिपि थाना प्रभारी रामानुजगंज एवं शाखा प्रबंधक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, अभिकापुर शाखा रामानुजगंज को भी सूचनाार्थ प्रेषित की गई है।
क्षेत्र में किसानों के आंदोलन की घोषणा के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि किसानों की मांगों पर शासन और प्रशासन क्या कदम उठाता है।

