विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते बोलीं— विकास की रफ्तार अब और होगी तेज, जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सबसे बड़ी जिम्मेदारी..
चंद्रिका कुशवाहा,सूरजपुर
प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र में नगर विकास को नई दिशा देने की पहल के तहत नगर पंचायत प्रतापपुर एवं जरही के मनोनीत एल्डरमैनों का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को प्रतापपुर के मंगल भवन में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में नगर पंचायत प्रतापपुर एवं जरही के छह मनोनीत एल्डरमैनों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर जनसेवा, पारदर्शिता और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में प्रतापपुर विधानसभा की विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते की विशेष उपस्थिति रही। समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में नागरिकों की मौजूदगी ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया।
कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं नगर पंचायत प्रशासक ललिता भगत ने नगर पंचायत प्रतापपुर से श्रीमती लक्ष्मी गुप्ता, बिजेंद्र कुमार कश्यप एवं बसराम बघेल तथा नगर पंचायत जरही से अरुण कुमार सिंह, दीपक रजक एवं डॉ. रंजन को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद सभी नवमनोनीत एल्डरमैनों का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया तथा उन्हें जनसेवा के नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
अपने उद्बोधन में विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने कहा कि नगर पंचायतों का विकास केवल प्रशासनिक व्यवस्था से नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी, पारदर्शी कार्यशैली और जनता के प्रति समर्पण से संभव होता है। उन्होंने कहा कि प्रतापपुर और जरही नगर पंचायतों के लिए यह दिन नई जिम्मेदारियों और नई संभावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने नवमनोनीत एल्डरमैनों से अपेक्षा की कि वे नगर के प्रत्येक वार्ड तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
विधायक पोर्ते ने कहा कि प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र में पिछले ढाई वर्षों के दौरान विकास कार्यों ने नई गति प्राप्त की है। सड़क, पुल-पुलिया, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युतीकरण, स्वच्छता, सामुदायिक भवनों के निर्माण तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा केवल योजनाएं घोषित करना नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवमनोनीत एल्डरमैन विकास की इस गति को और अधिक मजबूत करेंगे।
उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी सौंपी है, उस विश्वास को बनाए रखना सबसे बड़ा दायित्व है। नगरों को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित एवं सुविधायुक्त बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि “जनता की सेवा हमारा संकल्प है और विकास हमारी पहचान है।” उन्होंने सभी एल्डरमैनों से जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करते हुए नगर पंचायतों को विकास का आदर्श मॉडल बनाने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छ नगर ही स्वस्थ समाज की पहचान है और प्रत्येक नागरिक की इसमें बराबर की भागीदारी होनी चाहिए। इसके बाद सामूहिक राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन राकेश मोहन मिश्रा ने किया।
भाजपा मंडल अध्यक्ष जरही मुकेश सिंह ने कहा कि विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते के नेतृत्व में प्रतापपुर विधानसभा विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार स्वीकृत हो रहे विकास कार्यों से जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है तथा सभी कार्यकर्ता विधायक के मार्गदर्शन में क्षेत्र को आदर्श विधानसभा बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतापपुर, नगर पंचायत अध्यक्ष जरही पूरन राजवाड़े, नगर पंचायत अध्यक्ष वाड्रफनगर मानसिंह, उपाध्यक्ष अजीत शरण सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुखमनियाँ आयाम, प्रतापपुर मंडल महामंत्री अवधेश पांडेय, दीपक मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि विश्वजीत सोनी, मीडिया प्रभारी मनीष मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि आनंद शुक्ला, राजेश गुप्ता, विक्रम सिंह, राजेंद्र जायसवाल, निरंजन दास कनौजिया, आशीष दुबे, दिलीप श्रीवास्तव, नागेंद्र सिंह, प्रतीक जायसवाल, विकास तिवारी, कौशल राजवाड़े, विक्रम प्रताप सिंह, सौरभ मानिक, उर्मिला, नीलम रजक, लालती सिंह, सीमा शांडिल्य, श्यामपति सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रतापपुर नगर पंचायत के पार्षदों में नीलम देवी, सीता पैकरा, विजय नायक, नवीन नाविक, सौरभ मानिक, लालमैन पैकरा, सियाराम, रामकुमार, नम्रता महंत, सुमन जायसवाल, तुलसी सिंह एवं पावनसाय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने समारोह में सहभागिता की।
पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और आत्मीयता का वातावरण देखने को मिला। उपस्थित नागरिकों ने नवमनोनीत एल्डरमैनों का स्वागत करते हुए उनसे जनहित, पारदर्शिता और विकास के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की। लोगों का मानना रहा कि नगर पंचायतों में एल्डरमैनों की सक्रिय भूमिका से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा जनता और प्रशासन के बीच समन्वय और मजबूत होगा। समारोह ने प्रतापपुर और जरही नगर पंचायतों में विकास, जनभागीदारी और सुशासन की नई शुरुआत का संदेश दिया।

