6 माह से भुगतान अटका होने का दावा…! प्रेमनगर जनपद के अधिकारियों पर कमीशन मांगने का आरोप, जांच की मांग तेज
चंद्रिका कुशवाहा/शशांक दुबे ,रामानुजनगर/सूरजपुर
जिले के प्रेमनगर विकासखंड में विकास कार्यों के भुगतान को लेकर एक बार फिर गंभीर शिकायत सामने आई है। ग्राम उमेश्वरपुर निवासी सुभाष कुमार साहू ने जनपद पंचायत प्रेमनगर के अधिकारियों पर कमीशन मांगने और भुगतान रोकने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर सूरजपुर से शिकायत की है। शिकायत के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में भी मामला दर्ज कराया है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत का क्रमांक CC260700075957 है।

शिकायत के अनुसार, कार्य पूर्ण होने और मूल्यांकन के बावजूद अब तक भुगतान नहीं किया गया है। सुभाष कुमार साहू का आरोप है कि अनुविभागीय अधिकारी (आरईएस), जनपद पंचायत प्रेमनगर तथा उप अभियंता (मनरेगा), जनपद पंचायत प्रेमनगर द्वारा भुगतान जारी करने के एवज में 3 प्रतिशत कमीशन की मांग की जा रही है। शिकायतकर्ता का कहना है कि कमीशन नहीं देने के कारण उनकी भुगतान संबंधी फाइल को आगे नहीं बढ़ाया जा रहा है और संबंधित अधिकारी हस्ताक्षर भी नहीं कर रहे हैं।

शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर लंबित भुगतान शीघ्र जारी कराने तथा यदि शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कर शासन स्तर पर हस्तक्षेप की मांग की गई है।
अब यह मामला प्रशासन के संज्ञान में पहुंच चुका है। यदि जांच में शिकायत के आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई हो सकती है, वहीं यदि आरोप निराधार पाए जाते हैं तो शिकायत का निराकरण नियमानुसार किया जाएगा।
नोट: यह समाचार शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित अधिकारियों का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

