प्रत्यक्षदर्शियों का दावा— नशे में धुत थे मार्शल सवार, चालक वाहन छोड़कर फरार
चंद्रिका कुशवाहा , सूरजपुर/अम्बिकापुर
सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबिकापुर–बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। प्रतापपुर निवासी एक युवक की तेज रफ्तार मार्शल और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार रात लगभग 10 बजे रेणुका नदी के समीप स्थित राजवाड़े ढाबा के पास प्रतापपुर क्षेत्र के ग्राम रनहत निवासी मनोज गोंड (पिता- भीम गोंड) अपनी अपाचे बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार मार्शल ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मनोज के सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मार्शल वाहन में सवार चालक प्रेम दास, सुंदर राम राजवाड़े और धनुर्धर राम कथित रूप से शराब के नशे में थे। दुर्घटना के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। आरक्षक रामकुमार यादव और डायल-112 के चालक ने तत्काल स्थिति संभाली। लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से शव वाहन बुलाया गया। शव वाहन चालक महमूद खान की सहायता से मृतक के शव को लखनपुर अस्पताल लाया गया, जहां उसे पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में सुरक्षित रखा गया।
रविवार सुबह करीब 11 बजे मृतक की पहचान मनोज गोंड, निवासी ग्राम रनहत, प्रतापपुर के रूप में हुई। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल और लखनपुर थाने पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया।
लखनपुर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मार्शल वाहन और बाइक को जब्त कर लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। यदि जांच में शराब पीकर वाहन चलाने की पुष्टि होती है, तो आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रतापपुर क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

