बाजार से लौट रहे दंपती पर टूटा हैवानों का कहर, पति को बंधक बनाकर पत्नी की अस्मत लूटी…
चंद्रिका कुशवाहा , सूरजपुर
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। साप्ताहिक बाजार से लौट रहे एक दंपती पर रास्ते में घात लगाए बैठे चार दरिंदों ने हमला कर दिया। पति नशे की हालत में रास्ते में गिर पड़ा तो आरोपियों ने उसे बंधक बना लिया। इसके बाद महिला को जबरन पास के खेत में ले जाकर उसके पति के सामने सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर दोनों को चुप रहने के लिए डराया।
घटना रामानुजनगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, 27 जून की शाम पीड़िता अपने पति के साथ साप्ताहिक बाजार गई थी। खरीदारी के बाद घर लौटते समय पति ने कोसना (चावल से बनी शराब) पी ली। रात करीब साढ़े आठ बजे रास्ते में चार युवकों ने दंपती को रोक लिया। पति की लाचारी का फायदा उठाकर उसे बंधक बनाया गया और महिला के साथ खेत में सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
घटना से सहमी महिला किसी तरह देर रात पति के साथ घर पहुंची, लेकिन डर के कारण किसी को कुछ नहीं बता सकी। दो दिन बाद परिजनों और ग्रामीणों के समझाने पर उसने रामानुजनगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ऋतु यादव (30) सहित रामजी (25), कपिल और रामेश्वर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
सूरजपुर एसडीओपी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी ऋतु यादव आदतन अपराधी है। वह पहले भी हथियारबंद लूट के मामले में जेल जा चुका है और हाल ही में ट्रैक्टर की बैटरी चोरी के मामले में भी उसका नाम सामने आया था।
इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

