सूरजपुर : कार की सीट के नीचे छिपा था ‘नशे का जखीरा’, पुलिस ने घेरा तो उड़ गए होश, श्यामनगर- बुंदिया मार्ग पर पुलिस की घेराबंदी, 2 लाख की खेप जब्त
चंद्रिका कुशवाहा , सूरजपुर
सूरजपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भटगांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एक कार में बेहद शातिर तरीके से छिपाकर ले जाए जा रहे 360 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शनों की खेप को पुलिस ने बरामद कर तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से कार, मोबाइल फोन सहित करीब 2 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मारुति ऑल्टो कार में भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन लेकर श्यामनगर-बुंदिया मार्ग से भटगांव की ओर आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और ग्राम बुंदिया फुटबॉल मैदान के समीप रणनीतिक घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
तलाशी में खुला बड़ा राज,
जब पुलिस ने वाहन की बारीकी से तलाशी ली तो कार की सीट के नीचे रखे बैग से नशे का जखीरा बरामद हुआ। बैग के भीतर 180 नग एविल इंजेक्शन और 180 नग बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन छिपाकर रखे गए थे। कुल 360 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद होने से मौके पर मौजूद पुलिस टीम भी चौंक गई।
पुलिस ने नशीले इंजेक्शनों के साथ मारुति ऑल्टो कार तथा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है।
आरोपी पहुंचा सलाखों के पीछे,
पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद रफी (54 वर्ष) निवासी ग्राम दतिमा आमापारा, चौकी करंजी, थाना विश्रामपुर के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद आरोपी के विरुद्ध थाना भटगांव में अपराध क्रमांक 120/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
नशे के कारोबारियों को सख्त संदेश,
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई को जिले में नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। थाना प्रभारी भटगांव निरीक्षक बृजेश सिन्हा सहित पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से यह सफलता मिली।
पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

