सूरजपुर : खरीफ सीजन से पहले सम्मान निधि बनी किसानों का सहारा: किसानों के खाते में पहुंची बड़ी सौगात! एक क्लिक में आई करोड़ों की रकम, सूरजपुर के एक लाख से ज्यादा किसानों के खिले चेहरे
खरीफ सीजन से पहले सरकार का बड़ा सहारा, 100203 किसानों के खातों में पहुंचे 20.04 करोड़ रुपये
चंद्रिका कुशवाहा,सूरजपुर
खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच जिले के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी होते ही सूरजपुर जिले के एक लाख से अधिक किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर (हुगली) में आयोजित किसान सम्मेलन से देशभर के किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि ऑनलाइन अंतरित की। इसके तहत सूरजपुर जिले के 1 लाख 203 किसानों के बैंक खातों में 20 करोड़ 4 लाख रुपये की राशि सीधे पहुंची।
राशि खाते में पहुंचते ही किसानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कई किसानों ने इसे खेती-किसानी के लिए बड़ी राहत बताते हुए कहा कि खरीफ फसल की बुआई और कृषि कार्यों के लिए यह सहायता बेहद उपयोगी साबित होगी।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की सहायता राशि तीन समान किस्तों में प्रदान की जाती है। प्रत्येक चार माह में 2 हजार रुपये की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है, जिससे उन्हें बीज, खाद, कीटनाशक एवं अन्य कृषि आदान सामग्री खरीदने में मदद मिलती है।
इस अवसर को यादगार बनाने के लिए जिले में “पीएम किसान उत्सव दिवस” का आयोजन किया गया। जिला एवं विकासखंड स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को लाइव प्रसारण के माध्यम से राशि अंतरण कार्यक्रम से जोड़ा गया। कृषि विज्ञान केंद्र अजिरमा, अंबिकापुर में जिला स्तरीय किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें सरगुजा संसदीय क्षेत्र के सांसद चिंतामणि महाराज सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सूरजपुर जिले के सभी छह विकासखंडों में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रोजेक्टर और लैपटॉप के माध्यम से किसानों को प्रधानमंत्री के संबोधन एवं राशि अंतरण का सीधा प्रसारण दिखाया गया। विकासखंड स्तर पर बड़ी संख्या में किसानों ने कार्यक्रम में भाग लिया, जबकि ग्राम पंचायतों एवं सहकारी समितियों में भी किसानों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
किसानों ने कहा कि समय पर मिलने वाली यह सहायता राशि खेती की लागत कम करने में मदद करती है और कृषि कार्यों में आर्थिक मजबूती प्रदान करती है। विशेषकर खरीफ सीजन की शुरुआत में मिली यह राशि किसानों के लिए किसी राहत पैकेज से कम नहीं है।
उप संचालक कृषि संपदा पैकरा के मार्गदर्शन में जिलेभर में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने किसानों को योजना की जानकारी देने के साथ-साथ कृषि संबंधी विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी।
खरीफ सीजन के बीच किसानों के खातों में पहुंची यह सम्मान निधि न केवल आर्थिक सहायता है, बल्कि कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल भी मानी जा रही है। जिले के हजारों किसानों ने इस सहायता को खेती के लिए संबल बताते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

