बलरामपुर
धान के अवैध कारोबार पर प्रशासन का बड़ा प्रहार!
धान खरीदी शुरू होने से पहले ही बलरामपुर जिले में धान के अवैध भंडारण और परिवहन के मामलों को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। बसंतपुर में दो लोगों के घरों से 26 क्विंटल धान जब्त किया गया, वहीं उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ की ओर 150 बोरी धान का कथित अवैध परिवहन करते स्वराज माजदा वाहन को भी जब्त किया गया है। लगातार हुई इन दो कार्रवाइयों से धान के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।
घरों में मिला 26 क्विंटल धान, दस्तावेज नहीं दिखाने पर जब्ती
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, बसंतपुर में राजकुमार गुप्ता और शिवप्रसाद गुप्ता के घरों में भंडारित धान की जांच की गई। मौके पर धान से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर कुल 26 क्विंटल धान जब्त कर लिया गया। प्रशासन अब मामले में आगे की कार्रवाई कर रहा है।
यूपी से छत्तीसगढ़ आ रहा 150 बोरी धान, स्वराज माजदा जब्त
दूसरी कार्रवाई में उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ की ओर 150 बोरी धान का अवैध रूप से परिवहन किए जाने की सूचना पर प्रशासन ने स्वराज माजदा वाहन को जब्त किया है। वाहन में लदे धान के परिवहन से संबंधित दस्तावेज भी मांगे गए हैं। इस कार्रवाई के बाद अंतरराज्यीय सीमा से धान के परिवहन पर निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
कलेक्टर के निर्देश पर कार्रवाई
कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम डॉ. टी.डी. मरकाम, तहसीलदार अश्विनी चंद्रा और नायब तहसीलदार जितेंद्र डहरे ने कार्रवाई की। तहसीलदार अश्विनी चंद्रा ने बताया कि दोनों मामलों में संबंधित व्यक्तियों से आवश्यक दस्तावेज मांगे गए थे, लेकिन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण धान जब्त किया गया है।
धान खरीदी से पहले प्रशासन अलर्ट
धान खरीदी का सीजन शुरू होने से पहले प्रशासन की इन कार्रवाइयों को अवैध भंडारण और परिवहन पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि जब्त धान और वाहन से जुड़े मामलों में जांच के बाद आगे क्या कार्रवाई होती है।

