उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया 126 करोड़ के 171 कार्यों का लोकार्पण, 30.99 करोड़ के 20 नए कार्यों का भूमिपूज
बलरामपुर।
जिले के विकास को गति देने के लिए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 157 करोड़ 4 लाख रुपये की लागत के 191 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 126 करोड़ 4 लाख रुपये के 171 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण तथा 30 करोड़ 99 लाख रुपये की लागत के 20 नए कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। कार्यक्रम के दौरान जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए कई नई विकास घोषणाएं भी की गईं।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने खेल मैदान आरागाही-ताम्बेश्वरनगर के विकास के लिए 3 करोड़ रुपये, बलरामपुर नगरीय क्षेत्र के विकास के लिए 6 करोड़ रुपये तथा रामानुजगंज नगरीय क्षेत्र के लिए 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता को प्राथमिकता दी जाए तथा जनहित के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
पेयजल और पुलों के क्षेत्र में बड़ी सौगात
जिले में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 66.93 करोड़ रुपये की लागत वाली 35 योजनाएं जनता को समर्पित की गईं। जिले में अब तक 1.47 लाख से अधिक घरों तक नल कनेक्शन पहुंचने की जानकारी दी गई।
इसी तरह 24.41 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित चार उच्चस्तरीय पुलों का लोकार्पण किया गया। वहीं चार नए उच्चस्तरीय पुलों के निर्माण के लिए 18.31 करोड़ रुपये के कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों से आवागमन और ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
कृषि विपणन बोर्ड के 130 कार्यों का लोकार्पण
कार्यक्रम में कृषि विपणन बोर्ड से जुड़े 33.01 करोड़ रुपये के 130 विकास कार्यों का भी लोकार्पण किया गया। इन कार्यों को कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ी अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया।
खेलों को बढ़ावा देने पर जोर
कार्यक्रम के दौरान फुटबॉल प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ, जिसमें पुरुष वर्ग में विजेता टीम को 51 हजार रुपये तथा उपविजेता टीम को 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। महिला फुटबॉल प्रतियोगिता में भी चार टीमों ने हिस्सा लिया। खेल मैदान आरागाही-ताम्बेश्वरनगर के विकास के लिए 3 करोड़ रुपये की घोषणा को जिले में खेल अधोसंरचना को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रामानुजगंज में समीक्षा बैठक, अधिकारियों को निर्देश
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रामानुजगंज में विभागीय समीक्षा बैठक लेकर जिले में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि “जनहित सर्वोपरि है और विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा।” उन्होंने बलरामपुर की भौगोलिक स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि “बलरामपुर अंतिम छोर नहीं, प्रदेश का प्रथम जिला है।”
टिकाऊ सड़क निर्माण पर कृषि मंत्री का जोर
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने भी जिले में सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और टिकाऊपन पर जोर दिया। बैठक के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 343 के उन्नयन कार्य की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों से सड़क एवं अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं की प्रगति तथा कार्यों की गुणवत्ता को लेकर जानकारी ली गई।
जिले में एक साथ बड़ी संख्या में विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन के साथ पेयजल, सड़क, पुल, नगरीय विकास, कृषि अधोसंरचना और खेल सुविधाओं के लिए की गई घोषणाओं से आने वाले समय में जिले के विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

